कृष्णानगर में तेंदुए ने व्यक्ति को किया लहूलुहान, मुंह में लगे 18 टांके

punjabkesari.in Monday, Jun 21, 2021 - 11:11 PM (IST)

शिमला (देवेंद्र): राजधानी के कृष्णानगर में एक तेंदुआ घर के भीतर घुस गया। रविवार रात तीन बजे तेंदुए ने घर के भीतर घुसते ही गौरव जयस्वाल नामक व्यक्ति पर हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। गौरव को रात के समय ही उपचार के लिए आई.जी.एम.सी. ले जाया गया, जहां उनको मुंह में 18 टांके लगे। तेंदुए के पंजों से उनके सिर पर भी चोटें आई हैं। अब उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि गौरव की मां ने सूझबूझ दिखाते हुए अपना बिस्तर तेंदुए के ऊपर फैंका। इसके बाद तेंदुआ बाथरूम में चला गया। गौरव ने बाथरूम का दरवाजा बंद कर तेंदुए को अंदर बंद कर दिया। पड़ोसियों ने इसकी सूचना पुलिस और वन विभाग को दी।

तेंदुए के हमले के बाद 15 से 20 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आधे घंटे बाद वन्य प्राणी विभाग की रैस्क्यू टीम भी कृष्णानगर पहुंच गई। रैस्क्यू टीम ने तेंदुए को पहले ट्रैक्यूलाइजर से बेहोश किया। उसके बाद उसे टूटीकंडी चिडिय़ाघर ले गई। गौरव के भाई राजा ने बताया कि आधी रात को उनका कुत्ता जोर-जोर से भौंकने लगा तो उनकी मां ने गौरव को लाइट जलाने को बोला। जैसे ही गौरव लाइट जलाने गया तो तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। इससे आसपास के लोग दहशत में आ गए हैं क्योंकि शहरी इलाकों में तेंदुए जैसे खूंखार जानवरों की दस्तक इंसानों के लिए अच्छा संकेत नहीं है। इससे पहले भी शहर के कई उपनगरों में तेंदुए द्वारा लोगों पर जानलेवा हमले किए जा चुके हैं। सुबह के समय नगर निगम शिमला की टीम घायल व्यक्ति के घर गई और पूरे घर को सैनिटाइज किया।

डी.एफ.ओ. वन्य प्राणी शिमला कृष्ण कुमार ने कहा कि एक मादा तेंदुए ने कृष्णानगर में एक व्यक्ति पर हमला किया है। तेंदुए को बेहोश करके टूटीकंडी लाया गया, जहां उसका चिकित्सीय परीक्षण किया गया। वह पूरी तरह स्वस्थ है। तेंदुए को लोगों की बस्तियों से दूर जंगल में छोड़ दिया जाएगा। घायल व्यक्ति के उपचार पर आने वाले खर्च के क्लेम को उन्हें डी.एफ.ओ. शिमला के पास आवेदन करना होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Recommended News

Related News