Shimla: HRTC चालकों-परिचालकों की जेब खाली, अभी तक नहीं मिला वेतन

punjabkesari.in Monday, Oct 06, 2025 - 07:26 PM (IST)

शिमला (राजेश): दीवाली व त्यौहारी महीने में अभी तक एचआरटीसी कर्मचारियों की जेब खाली है। यही नहीं सैंकड़ों कर्मचारियों की हर माह बैंक खातों से जाने वाली किस्तें भी बाऊंस हो गई हैं। इससे निगम के चालक-परिचालक परेशान हैं। वेतन समय पर न आने पर अब हिमाचल पथ परिवहन मजदूर संघ ने प्रदेश सरकार व निगम प्रबंधन को चेतावनी जारी कर दी है। भारतीय परिवहन मजदूर महासंघ के उपाध्यक्ष सुभाष वर्मा, हिमाचल परिवहन मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष प्यार सिंह ठाकुर, कार्यकारी अध्यक्ष मेहर चंद कश्यप, राजन वर्मा, प्रदेश महामंत्री हरीश कुमार पाराशर सहित अन्य पदाधिकारी वेतन मामले को लेकर शिमला पहुंचे और निगम प्रबंध निदेशक से भी मुलाकात की।

इस मौके पर सभी पदाधिकारियों ने संयुक्त बयान में कहा कि कैसा न्याय है जब राज्य के अन्य कर्मचारियों को उनके अधिकार समय पर मिल रहे हैं, तो निगम के कर्मचारियों के साथ यह भेदभाव क्यों? यह कैसी दीवाली होगी, जब हमारे घरों में अंधेरा है। हिमाचल परिवहन मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने दो टूक चेतावनी दी है कि संघ शांति और संवाद में विश्वास रखता है और राष्ट्रहित, उद्योग हित और कर्मचारी हित में कार्य करता है। यदि शीघ्र वेतन, पैंशन, एरियर, ओवरटाइम की स्थिति पर सरकार और निगम प्रबंधन ने ठोस नीति नहीं अपनाई, तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इसकी जिम्मेदारी सरकार और निगम प्रबंधन की होगी। राज्य सरकार के अन्य विभागों के कर्मचारियों को पहले ही संशोधित वेतनमान के अंतर्गत 50 हजार की एरियर किस्त जारी हो चुकी है लेकिन एचआरटीसी कर्मचारियों को अब तक यह लाभ नहीं मिला है। यह परिवहन कर्मचारियों के साथ भेदभाव और अन्याय को दर्शाती है।

निगम के चालकों और परिचालकों का 60 माह का नाइट ओवरटाइम और अतिरिक्त भत्ता वर्षों से लंबित पड़ा है। इसके भुगतान में सरकार और प्रबंधन की लापरवाही कर्मचारियों के मानसिक और आर्थिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर रही है। पिछले दो माह से पैंशन न मिलने के कारण सेवानिवृत्त कर्मचारियों को जीवन-यापन करने और अन्य जरूरतों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पैंशनर्ज की समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो पैंशनर्ज संघ भी आंदोलन में समर्थन करेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News