HPU में बहाल हो सकते हैं एससीए चुनाव, CM सुक्खू ने दिए संकेत

punjabkesari.in Saturday, Jun 15, 2024 - 06:31 PM (IST)

शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) में केंद्रीय छात्र संघ (एससीए) चुनाव बहाल करने की तैयारी है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इसे लेकर संकेत दिए हैं। शनिवार को विश्वविद्यालय में आयोजित हुए पूर्व विद्यार्थियों के मैत्री मिलन समारोह (डेकाडल चैप्टर ऑफ 90) में पूर्व विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय समुदाय को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एससीए चुनाव जरूरी है और इन चुनाव को कम से कम विश्वविद्यालय में बहाल करने पर विचार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भविष्य के नेता तैयार करने के लिए एससीए चुनाव जरूरी है, लेकिन इसको लेकर संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर एससीए चुनाव करवाने की संभावनाएं तलाशेगी।

उन्होंने कहा कि पूर्व में हिंसक घटनाएं बढ़ने के कारण विश्वविद्यालय सहित कॉलेजों में एससीए के प्रत्यक्ष चुनाव पर प्रतिबंध लगाया था। उन्होंने कहा कि बीते कई वर्षों में अप्रत्यक्ष चुनाओं के कारण नेतृत्व क्षमता पर असर पड़ा है। विश्वविद्यालय के सभागार में 90 के दशक में अध्ययन कर विश्वविद्यालय से निकले पूर्व विद्यार्थियों का मैत्री मिलन कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि जिला सोलन में कंडाघाट क्षेत्र के टिक्करी में करीब 300 दिव्यांगजनों को शिक्षा प्रदान करने के लिए सैंटर ऑफ एक्सीलैंस का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 45 बीघा भूमि का चयन भी कर लिया है।

उन्होंने कहा कि इस संस्थान में बच्चों को पहली कक्षा से 12 कक्षा तक और फिर कॉलेज तक की पढ़ाई की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में हिमाचल प्रदेश आर्थिक रूप से मजबूत नहीं है, लेकिन प्रदेश सरकार हिमाचल प्रदेश को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने की दिशा में कार्य कर रही है और इसके लिए कई योजनाएं तैयार की गई हैं और वर्ष 2032 तक आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लक्ष्य की पूर्ति की जाएगी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के लगभग 25 छात्र नेता वर्तमान हिमाचल प्रदेश विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं। इस अवसर पर मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर, विधायक सतपाल सिंह सत्ती, सुरेश कुमार, केवल सिंह पठानिया, प्रो-वाइस चांसलर प्रो. राजेंद्र वर्मा, डीन ऑफ स्टडीज प्रो. बीके शिवराम, 90 के दशक के पूर्व छात्र संघ के अध्यक्ष प्रो. चंद्र मोहन परशीरा व प्रो. सिमी चैटर्जी के अतिरिक्त कई पूर्व विधायक आदि उपस्थित रहे।

उच्च शिक्षा में होंगे बदलाव, पहली कक्षा से ही सरकारी स्कूलों में इंगलिश मीडियम पढ़ाई शुरू
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि पहली कक्षा से ही सरकारी स्कूलों में इंगलिश मीडियम पढ़ाई शुरू कर दी गई है। इसके अतिरिक्त प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल बनाए जा रहे हैं ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों से भी जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उच्च शिक्षा में बदलाव लाने जा रही है, ताकि नई तकनीक पर आधारित नए पाठ्यक्रम शुरू किए जा सकें।

मुख्यमंंत्री ने की एल्युमनी भवन बनाने के लिए 2 करोड़ रुपए की देने की घोषणा
मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय की एल्युमनी एसोसिएशन को एल्युमनी भवन बनाने के लिए 2 करोड़ की राशि देने की घोषणा की। इससे पूर्व हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल ने मैत्री मिलन समारोह में आए सभी अतिथियों का स्वागत किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News