ऊना: CM सुक्खू ने अघलौर में किया सौर ऊर्जा प्रोजैक्ट का शिलान्यास, साइट का किया निरीक्षण

punjabkesari.in Friday, Jun 28, 2024 - 06:16 PM (IST)

ऊना (विशाल): ऊना जिला के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में उपचुनावों के बाद पहली बार दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू विकास कार्यों के प्रति काफी सजग दिखे। उन्होंने अघलौर में 10 मैगावाट सौर ऊर्जा प्रोजैक्ट का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री तुरंत वापस नहीं लौटे बल्कि नवनिर्वाचित विधायक विवेक शर्मा के आग्रह पर प्रोजैक्ट की साइट का तपती धूप में पैदल निरीक्षण करने निकल पड़े। कुछ दूर तक गाड़ियों में जाकर वहां से पैदल साइट का निरीक्षण करने जब सीएम निकले तो उनके साथ पावर प्रोजैक्ट के अधिकारियों सहित प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। इस मौके पर उन्होंने पास की खाली पड़ी 2 एकड़ जमीन को भी प्रोजैक्ट में शामिल करने के लिए कहा और जिला प्रशासन को इस संबंध में जल्द कार्रवाई पूरी करके जमीन हस्तांतरित करने के लिए कहा।

गोबिंद सागर झील के पास पर्यटन बढ़ाने को लेकर किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री से विधायक विवेक शर्मा ने इस दौरान कुटलैहड़ में रोजगार की दृष्टि से पर्यटन स्थल में सुविधाएं जुटाने में कार्य करने बारे कहा तो मुख्यमंत्री ने गोबिंद सागर झील के पास चलने को कहा और पूरा काफिला अंदरौली की ओर मुड़ गया। वहां उन्होंने कई जगहों पर निरीक्षण किया और इस दौरान विधायक विवेक शर्मा ने यहां पर्यटन को बढ़ाने के लिए कुछ सुझाव दिए, जिसमें शिकारे चलाने और पर्यटकों के लिए अन्य सुविधाएं देना शामिल रहा। इस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक कदम उठाने और योजना को जल्द मूर्त रूप देने के लिए कहा।

विकास की बुलंदियों पर पहुंचाया जाएगा कुटलैहड़
इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कुटलैहड़ की जनता ने खरीद-फरोख्त की राजनीति को अलविदा कह दिया है। कुटलैहड़ का विकास अब विधायक विवेक शर्मा और सरकार की जिम्मेदारी है। ऐसे में कुटलैहड़ को जल्द विकास की बुलंदियों पर पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्वाचित होने के बाद ही विवेक शर्मा कुटलैहड़ के विकास कार्य के लिए उनके साथ चर्चा में जुट गए थे और उसी का परिणाम है कि कुटलैहड़ के अघलौर में सौर ऊर्जा परियोजना का आज शिलान्यास हुआ है। आने वाले समय में रोजगार और पर्यटन पर भी कार्य किया जाएगा जिसको लेकर आज निरीक्षण भी किया गया है। जल्द ही सार्थक परिणाम कुटलैहड़ की जनता के सामने होंगे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News