Shimla: हिमाचल सरकार ने GST लाभ से वंचित रखी जनता : मोदी
punjabkesari.in Saturday, Sep 27, 2025 - 07:41 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर से हिमाचल प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने ओडिशा के झारसुगुड़ा में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जब केंद्र सरकार ने सीमैंट पर जीएसटी को कम किया, तो राज्य सरकार ने अपना एक नया ही टैक्स लगा दिया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार जो फायदा हिमाचल प्रदेश के लोगों को देना चाहती थी, उसमें कांग्रेस की लूटबाज सरकार दीवार बनकर खड़ी हो गई।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लगातार टैक्स में राहत देकर लोगों की बचत बढ़ा रही है, लेकिन कांग्रेस सरकारें अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकारें लोगों को लूटने में जुटी हैं। वह इस बात को ऐसे ही नहीं कह रहे हैं, उनके पास इसके सबूत हैं। उन्हेंने कहा कि केंद्र सरकार चाहती थी, लोगों को अपने घरों को बनाने एवं मुरम्मत करने के लिए सस्ता सीमैंट मिले, लेकिन हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने ऐसा नहीं होने दिया। मैं कहता हूं, कांग्रेस की सरकार जहां भी रहेगी, वहां लोगों को लूटेगी, इसलिए देश के लोगों को कांग्रेस से सावधान रहना ही है और उसके साथियों से भी बचकर रहना है।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस सरकार को भांति-भांति हमें (केंद्र सरकार) गालियां देने की आदत पड़ गई है, लेकिन जब जीएसटी का दाम पूरे देश में कम हुआ, तो कांग्रेस ने आम जनता को यह सुख नहीं पहुंचने दिया। इससे पहले पहले जब केंद्र सरकार ने डीजल-पैट्रोल में पैसा कम किया था, तो कांग्रेस की सरकारों ने दूसरा टैक्स लगाकर उतने ही दाम बढ़ाए और खुद तिजोरी भरकर के लूट का रास्ता खोल दिया।