Shimla: मंडी वन सर्किल में भरे जाएंगे 70 असिस्टैंट फोरैस्ट गार्ड के पद
punjabkesari.in Sunday, Nov 01, 2026 - 06:18 PM (IST)
शिमला (भूपिन्द्र): हिमाचल प्रदेश में 500 सहायक वन रक्षकों (असिस्टैंट फोरैस्ट गार्ड) के पदों पर भर्ती की तैयारी तेज हो गई है। इस कड़ी में वन विभाग ने इन पदों को प्रदेश के अलग-अलग वन सर्किलों में बांटने का प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार को भेज दिया है। इसके तहत मंडी वन सर्किल में सबसे अधिक 70 पद रखे गए हैं, जबकि शिमला में 55, नाहन में 54 और धर्मशाला में 48 पद प्रस्तावित हैं।
हमीरपुर में 47, चम्बा में 46, रामपुर में 39 और कुल्लू में 36 पदों का प्रस्ताव है। इसी तरह बिलासपुर में 30 और सोलन में 29 पद रखे गए हैं। वन्यजीव क्षेत्रों को भी इस भर्ती में शामिल किया गया है। वन्यजीव सर्किल शिमला में 21, वन्यजीव धर्मशाला में 15 और ग्रेट हिमालयन नैशनल पार्क शमशी में 10 पद प्रस्तावित हैं।
वहीं इस भर्ती की खास बात यह है कि 500 पदों में से 50 प्रतिशत पद वन मित्रों के लिए आरक्षित रखे गए हैं। यानी वन मित्रों को सहायक वन रक्षक बनने का अवसर मिलेगा। विभाग की ओर से सरकार को भेजे पत्र के अनुसार इन पदों को पहले वन रक्षकों के 500 पद समाप्त करके सृजित किया गया था। इन पर चयनित युवाओं को 16 हजार रुपए प्रतिमाह निश्चित मानदेय दिया जाएगा। सरकार की मंजूरी के बाद इनकी भर्ती के लिए अगली प्रक्रिया शुरू होगी।

