हिमाचल में दीवाली वाली रात आग की 47 घटनाएं, 1.40 करोड़ का नुक्सान
punjabkesari.in Tuesday, Oct 21, 2025 - 10:14 PM (IST)

शिमला (भूपिन्द्र): हिमाचल प्रदेश में दीवाली की रात आग लगने से लोगों को भारी नुक्सान हुआ है। जानकारी के अनुसार दीवाली की रात आग लगने की 47 घटनाएं सामने आई हैं, जिसमें करीब 1.40 करोड़ रुपए का नुक्सान हुआ है। हालांकि अग्निशमन विभाग ने 19 करोड़ रुपए की संपत्ति को बचाया भी है। जानकारी के अनुसार राज्य में सबसे अधिक आग लगने की घटनाएं जिला शिमला में हुई हैं। यहां दीवाली की रात आग लगने की 11 घटनाएं सामने आई हैं, जिसमें करीब 45 लाख रुपए के नुक्सान का अनुमान लगाया गया है। दूसरे नंबर पर जिला कांगड़ा में आग लगने की 10 घटनाएं हुईं, जिसमें 5.40 लाख रुपए के नुक्सान का अनुमान है। इसी तरह जिला सिरमौर में आग की एक घटना सामने आई, जिसमें 2 लाख का नुक्सान हुआ।
बिलासपुर जिले में भी आग की एक घटना सामने आई है, जिसमें 10 हजार रुपए का नुक्सान हुआ है। जिला मंडी में आग लगने की 4 घटनाओं में 1.50 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है। इसी तरह जिला कुल्लू में आग लगने की 2 घटनाओं में 50 लाख रुपए, चम्बा में आग लगने की 3 घटनाओं में 18 हजार रुपए, हमीरपुर में 5 घटनाओं में 21 लाख रुपए, सोलन में 5 घटनाओं में 15 लाख रुपए तथा जिला ऊना में आग लगने की 5 घटनाओं में करीब 43 लाख रुपए के नुक्सान का अनुमान लगाया गया है। दीवाली की रात आग लगने की घटनाएं मकानों, दुकानों व घासनियों में सामने आई हैं। गत वर्ष राज्य में आग लगने की 60 घटनाएं सामने आई थीं।