Himachal: अलीशा कटोच ने रचा इतिहास, FAI पैराग्लाइडिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में हिस्सा लेने वाली पहली भारतीय पायलट बनीं

punjabkesari.in Thursday, Oct 16, 2025 - 04:13 PM (IST)

हिमाचल डैस्क: भारतीय पैराग्लाइडिंग के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। हिमाचल प्रदेश की जांबाज बेटी पैराग्लाइडर पायलट अलीशा कटोच ने तुर्की में आयोजित 13वीं एफएआई एक्यूरेसी वर्ल्ड चैंपियनशिप में हिस्सा लेकर एक अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल की है। वह इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली पहली पायलट बन गई हैं।

तुर्की में 9 से 19 अक्तूबर तक चल रही इस कैटेगरी-1 प्रतियोगिता में 38 देशों के 140 विश्वस्तरीय पायलट भाग ले रहे हैं। विश्व चैंपियन और शीर्ष रैंकिंग वाले खिलाड़ियों के बीच अलीशा तिरंगे वाले विंग के साथ भारत का झंडा बुलंद कर रही हैं। उनकी यह ऐतिहासिक भागीदारी भारतीय पैराग्लाइडिंग जगत के लिए एक मील का पत्थर है।

इस ऐतिहासिक मौके पर भावुक हुईं अलीशा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने इंस्ट्रक्टर विजय सोनी को दिया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि मेरे इंस्ट्रक्टर विजय सोनी सर का सपना था। दुख है कि आज वह हमारे बीच नहीं हैं। यह उपलब्धि उनके मार्गदर्शन के बिना संभव नहीं थी। मैं इसे उनके नाम समर्पित करती हूं।

अलीशा के नाम अब तक 21 पदक और 7 ट्रॉफियां हैं, जोकि उनके असाधारण कौशल और समर्पण को दर्शाते हैं। उनकी यह उपलब्धि देश की आने वाली पीढ़ी खासकर महिला पायलटों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News