Shimla: विपक्ष के आराेपाें पर CM सुक्खू का पलटवार, कहा-हिमाचल में निश्चित समय पर होंगे पंचायत चुनाव
punjabkesari.in Friday, Oct 10, 2025 - 04:39 PM (IST)

शिमला (राक्टा): हिमाचल में पंचायत चुनाव को लेकर विपक्ष द्वारा के आरोपों पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पलटवार किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंचायत चुनाव रद्द नहीं किए गए हैं तथा चुनाव निश्चित समय पर होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा हर बात को तूल देती है तथा हर बात का विरोध करना उसकी नीति बन चुकी है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को सचिवालय में मीडिया से अनौपाचारिक बातचीत में बोल रहे थे। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि डिजास्टर एक्ट के तहत ये कहा गया कि प्रदेश पहले आपदा से निपटे ले। सरकार का पहला कर्तव्य आपदा प्रभावित को राहत पहुंचाना बनता है। जिन परिवारों के घर उजड़ गए हैं, उन लोगों बसाना सरकार का दायित्व है। इस सभी दृष्टिकोण से प्रदेश की सरकार कार्य कर रही है।
23 जनवरी तक हो सकते हैं पंचायत चुनाव
सीएम ने कहा कि जैसे ही सड़कें खुल जाएंगी तो पंचायत चुनाव जरूर होंगे। एक सवाल के जवाब में कहा कि पंचायत चुनाव 23 जनवरी तक हो सकते हैं। उन्होंने आराेप लगाया कि विपक्ष केवल भ्रम फैलाने और जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है। सरकार पूरी तैयारी के साथ लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करेगी। सीएम ने कहा कि 2023 में जब आपदा आई, तब भी विपक्ष के सदस्य आपदा प्रभावितों के साथ खड़े नहीं हुए और सदन से वाकआउट कर गए। इस बार की आपदा वर्ष 2023 से कहीं अधिक थी। उन्होंने कहा कि विपक्ष को झूठी बयानबाजी छोड़कर जनता के मुद्दों पर बात करनी चाहिए, साथ ही ये समझ लेना चाहिए कि जनता अब विकास की राजनीति चाहती है, न कि भ्रम की। सीएम ने कहा कि पंचायत चुनावों को लेकर सभी जिलों के डीसी से बात की गई। कुछ ने कहा कि अभी पूरी तरह से पंचायतों की सड़कें जुड़ी नहीं हैं। बारिश बहुत अधिक हो रही है। पहले दिन खुदाई करते हैं तो दूसरे दिन ल्हासा आ जाता है। डिजास्टर एक्ट प्रदेश में लागू है। अभी सिर्फ चुनावों को कुछ समय के लिए स्थगित करने की बात हुई है, रद्द नहीं किए गए हैं।
5 गुटों में बंटी भाजपा, जयराम का छलका दर्द
मुख्यमंत्री ने एक सवाल के जवाब में कहा कि भाजपा 5 गुटों में बंटी हुई है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का दर्द छलक कर सामने आ चुका है। सांसद अनुराग ठाकुर के समर्थन में नारे लग रहे थे, उससे उन्हें परेशानी हुई है, साथ ही केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल, पूर्व विधायक रमेश धवाला के साथ ही सांसद हर्ष महाजन एंड कंपनी है। ये सब गुटों की राजनीति में फंसे हुए हैं।
विपक्ष के पास कहने को कुछ नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष दल भाजपा के नेताओं के पास कहने को कुछ नहीं है। किसी भी बात पर लेकर शोर मचाते रहते है। सच्चाई को जानने का प्रयास नहीं करते है। कभी विमल नेगी केस को, कभी टायलेट टैक्स केस की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि बीते दिनों वह बेटी की एडमिशन के लिए विदेश गए तो भाजपा नेता उसी को मुद्दा बनाने लग जाते हैं।
भाजपा छवि धूमिल करने की रच रही साजिश
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना चाह रहे है लेकिन भाजपा को यह राय नहीं आ रहा है। बीते दिनों सोलन में आयोजित एक कार्यक्रम में भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं को भेज सरकार के खिलाफ माहौल बनाने का प्रयास किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सुनियोजित तरीके से उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रही है,जिसके लिए एक स्पैशल सैल बनाया है।
दिल्ली जाकर उठाएंगे मसला
सीएम ने एक सवाल के जवाब में कहा कि आपदा प्रभावितों को बसाने में भूमि का मसला सबसे बड़ा है। उन्होंने कहा कि कुछ आपदा प्रभावित उनसे मिले और कहा कि सरकार उनकी भूमि को ले ले और वन विभाग में एक बीघा भूमि उन्हें दे दें। उन्होंने कहा कि सरकार के पास ये अधिकार नहीं है, ऐसे में वह फिर से दिल्ली जाकर केंद्र के समक्ष मामला उठाएंगे।