Shimla: कांग्रेस ने राजीव भवन से किया वोट चोर-गद्दी छोड़ हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ

punjabkesari.in Saturday, Oct 04, 2025 - 07:53 PM (IST)

शिमला (राक्टा): हिमाचल कांग्रेस ने शनिवार को प्रदेश पार्टी मुख्यालय राजीव भवन से वोट चोर-गद्दी छोड़ हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पहला हस्ताक्षर कर अभियान की शुरूआत की। हिमाचल में यह अभियान 15 अक्तूबर तक चलेगा। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि यह अभियान राज्य के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में चलाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पार्टी ने 1 लाख हस्ताक्षर का लक्ष्य रखा है। इस अभियान के माध्यम से प्रदेश की जनता को बताया जाएगा कि किस तरह से भाजपा वोट चोरी कर रही है। अग्निहोत्री ने कहा कि अभियान के लिए पहले ही जिलावार पर्यवेक्षक नियुक्त किए जा चुके हैं और सभी को लक्ष्य दिया गया है। अभियान को सफल बनाने व इसकी निगरानी के लिए कांग्रेस पार्टी मुख्यालय राजीव भवन शिमला में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।

हिमुडा के उपाध्यक्ष व पूर्व पार्टी महासचिव यशवंत छाजटा को इसका इंचार्ज बनाया गया है। इसी तरह हस्ताक्षर में डुप्लीकेसी न हो उसके लिए हरिकृष्ण हिमराल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के अग्रणी संगठन युवा कांग्रेस व एनएसयूआई के साथ ही महिला कांग्रेस, इंटक व सेवादल की भी जिम्मेदारी तय की गई है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हस्ताक्षर अभियान को लेकर कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने शनिवार को सभी के साथ एक वर्चुअल बैठक की।

बैठक में उपमुख्यमंत्री एवं अभियान के संयोजक मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता, विधायक एवं सह संयोजक कुलदीप राठौर, स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल, विधायक, कांग्रेस प्रदेश मामलों के सह प्रभारी व अन्य नेता मौजूद रहें। जिला स्तर पर अभियान के लिए नियुक्त पर्यवेक्षक भी बैठक में वर्चुअली जुड़े। कार्यक्रम में अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए गए। रजनी पाटिल ने कहा कि इस अभियान को जन अभियान बनाया जाए।

जन जागरण अभियान बनेगा : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पत्रकार वार्ता में कहा कि देश के लोकतंत्र को बचाने और जनमत की रक्षा के लिए सभी को एकजुटता के साथ आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि वोट चोरी की सच्चाई अब देश के सामने आ चुकी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी देश की जनता के समक्ष तथ्य रख चुके हैं कि किस तरह से महाराष्ट्र व हरियाणा के चुनाव में कैसे वोट चोरी किए गए। उन्होंने कहा कि इस अभियान को प्रदेश में जन जागरण अभियान बनाया जाएगा। प्रदेशवासियों को सच्चाई बताई जाएगी कि कैसे वोट चोरी किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि एक बूथ से 50 वोट फर्जी बना दिए जाए तो 100 का फर्क पड़ता है। ऐसे में बूथ स्तर पर भी पदाधिकारियों को जागरूक किया जाएगा ताकि वोट चोरी को रोका जा सके।

शहर ही नहीं गांव-गांव तक पहुंचेगा अभियान: प्रतिभा
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि राज्य में वोट चोर-गद्दी छोड़ के हस्ताक्षर अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया जाएगा। यह अभियान केवल शहरों तक सीमित नहीं रहेगा। पार्टी कार्यकर्त्ता गांव-गांव और हर वोटर तक पहुंच कर उनको वोट चोरी की सच्चाई से अवगत करवाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने वोट चोरी के पूरे तथ्य पेश किए हैं, जिससे भाजपा का असली चेहरा उजागर हुआ है।

भाजपा नेता बने हुए चुनाव आयोग के प्रवक्ता: राठौर
अभियान के सह संयोजक कुलदीप सिंह राठौर ने पत्रकार वार्ता में कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा उजागर किए गए तथ्यों के बाद चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली संदेह के घेरे में हैं, जबकि भाजपा नेता उसके प्रवक्ता बने हुए हैं। ऐसे में यह इस बात को इंगित करता है कि वोट चोरी हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इलैक्ट्रॉनिक डाटा चुनाव आयोग से मांग रही है, लेकिन उसे दिया नहीं जा रहा है। इसी तरह राहुल गांधी ने जो सवाल उठाए हैं, उसका भी जवाब चुनाव आयोग ने नहीं दिया है और उलटा राहुल गांधी को शपथ पत्र दाखिल करने को कहा जा रहा है।

सोनिया-प्रियंका आएगी शिमला, सौंपी जाएगी प्रतिलिपि
आगामी 13 अक्तूबर को ऐतिहासिक रिज मैदान पर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण होगा। इस अवसर पर सांसद एवं कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ ही प्रियंका गांधी सहित अन्य वरिष्ठ नेता पहुंचेंगे। इस दौरान वोट चोर-गद्दी छोड़ हस्ताक्षर अभियान की प्रतिलिपि उन्हें सौंपी जाएगी। साथ ही एक जनसभा भी आयोजित की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News