Shimla: एचपीटीडीसी के कर्मचारियों को अब तक नहीं मिला मासिक वेतन

punjabkesari.in Sunday, Sep 21, 2025 - 10:52 PM (IST)

शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) के कर्मचारियों को अब तक मासिक वेतन जारी नहीं हुआ है। महीने के 3 सप्ताह बीत जाने के बाद भी कर्मचारियों को वेतन न मिलने पर उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है। वेतन जारी न होने पर रोष व्याप्त एचपीटीडीसी के कर्मचारियों के समर्थन में अब भारतीय मजदूर संघ उतरा है और राज्य पर्यटन विकास निगम प्रबंधन को चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र 1200 कर्मचारियों को वेतन भुगतान नहीं किया जाता है तो पर्यटन विकास निगम प्रबंधन का घेराव किया जाएगा।

भारतीय मजदूर संघ हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष मदन राणा, महामंत्री यशपाल हेटा, उप-महामंत्री देवी दत्त तनवर, उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, शुषमा शर्मा तथा पर्यटन निगम प्रभारी डीआर चौहान ने जारी किए गए एक संयुक्त बयान में निगम प्रबंधन को चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही कर्मचारियों का वेतन जारी नहीं किया गया तो निगम प्रबंधन का घेराव किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी निगम प्रशासन की होगी।

सितम्बर माह की 21 तारीख बीत जाने के बाद भी पर्यटन विकास निगम के कर्मचारियों को अगस्त माह का वेतन नहीं मिला है। भारतीय मजदूर संघ हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष मदन राणा, महामंत्री यशपाल हेटा ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि सरकार के अन्य सार्वजनिक उपक्रमों की तर्ज पर पर्यटन निगम को भी लगभग 50 करोड़ रुपए की एकमुश्त सहायता राशि प्रदान की जाए, ताकि निगम का सुदृढ़ीकरण हो सके और कर्मचारियों को समय पर उनका वेतन मिल सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News