कांग्रेस राहुल गांधी मामले में लड़ेगी राजनीतिक व कानूनी लड़ाई : आनंद

punjabkesari.in Monday, Mar 27, 2023 - 08:55 PM (IST)

शिमला (भूपिन्द्र): कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने कहा कि देश में लोकतंत्र को बचाने के लिए राहुल गांधी की मुहिम से केंद्र सरकार डर गई है। इसलिए लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराने के निर्णय से उनकी आवाज को दबाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस निर्णय के खिलाफ  राजनीतिक और कानूनी लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा कि लोग देश के आने वाले चुनावों में भाजपा को करारा जवाब देंगे। उन्होंने विपक्षी दलों से लोकतंत्र को बचाने के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। वह सोमवार को शिमला में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को संसद में अपनी बात कहने का पूरा अधिकार है, लेकिन केंद्र ने उन्हें एक सुनियोजित साजिश के तहत निशाना बनाया है। उन्होंने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा विश्वास है तथा उच्च न्यायालय में निचली अदालत का फैसला नहीं टिक पाएगा। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही उनकी सदस्यता को रद्द कर दिया। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि विपक्ष ने अपनी बात स्पष्ट कर दी है तथा देश व न्यायपालिका देख रही है।

आधी संसद हो जाएगी खाली
आनंद शर्मा ने कहा कि संसदीय परंपरा व मर्यादा की बात है। राहुल गांधी ने ऐसी कोई बात नहीं कही, जिसके लिए सत्ताधारी दल की ओर से यह कदम उठाया गया। इस तरह के कदम से चोट पहुंचती है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक  संवाद व संतुलन आवश्यक है। संसद में कब व किस नेता ने क्या बोला, यदि इसका संज्ञान लिया जाएगा तो आधी संसद खाली हो जाएगी। यदि विपक्ष मामले नहीं उठाएगा तो लोकतंत्र कहां रहेगा।

आनंद शर्मा ने मुख्यमंत्री से भेंट की
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने सोमवार को ओकओवर में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से भेंट की और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने आनंद शर्मा को हिमाचली टोपी और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। इसके अलावा विधानसभा में भी उन्होंने प्रदेश के कांग्रेसी नेताओं से चर्चा की। इस अवसर पर मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राहुल गांधी की मुहिम से केंद्र सरकार डर गई है और राहुल गांधी को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराने के निर्णय से उनकी आवाज को दबाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों से लोगों को अवगत करवाने के लिए भारत जोड़ो यात्रा निकाली।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Recommended News

Related News