राहुल गांधी पहुंचे शिमला, बहन प्रियंका के घर ठहरे

punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2026 - 08:47 AM (IST)

शिमला। लोकसभा में विपक्ष के नेता और सांसद राहुल गांधी शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला पहुंचे। राहुल गांधी दोपहर बाद सड़क मार्ग से होते हुए सीधे छराबड़ा स्थित अपनी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के आवास पर गए।

प्रवास का विवरण और सुरक्षा व्यवस्था

सूत्रों के अनुसार, यह राहुल गांधी का एक निजी दौरा है, जिसके तहत वह अगले तीन से चार दिनों तक यहीं प्रवास करेंगे। उनके आगमन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। 

छराबड़ा, कल्याणी हेलीपैड और आसपास के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा

हालांकि इसे एक व्यक्तिगत यात्रा बताया जा रहा है, लेकिन राहुल गांधी की मौजूदगी ने राज्य के राजनीतिक हलकों में हलचल पैदा कर दी है। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस दौरान वह स्थानीय नेताओं से अनौपचारिक मुलाकात भी कर सकते हैं। फिलहाल, उनके आगामी कुछ दिन पूरी तरह निजी और पारिवारिक रहने की संभावना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News