Himachal: 'राहुल गांधी का अपमान सहन नहीं करेगी कांग्रेस', भाजपा सांसद कंगना रनौत के बयान पर फूटा विनय कुमार का गुस्सा

punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2026 - 07:00 PM (IST)

शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत द्वारा की गई टिप्पणियों पर संज्ञान लिया है। उन्होंने इसे निम्न स्तरीय राजनीति करार देते हुए चेतावनी दी है कि यदि भाजपा सांसद ने सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी तो कांग्रेस प्रदेश भर में उग्र आंदोलन छेड़ेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करना केवल व्यक्तिगत हमला नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक शिष्टाचार पर प्रहार है। 

विनय कुमार ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा नेताओं की भाषा का गिरता स्तर उनकी हताशा और बौखलाहट का प्रमाण है। कंगना रनौत के शर्मनाक बयानों से देवभूमि हिमाचल की गरिमा को ठेस पहुंची है। कांग्रेस अध्यक्ष ने दो टूक शब्दों में कहा कि कांग्रेस अपने नेता के सम्मान की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सार्वजनिक माफी नहीं मांगी गई तो कांग्रेस कार्यकर्त्ता सड़कों पर उतरकर भाजपा सांसदों का घेराव करेंगे और इस अहंकारी राजनीति का करारा जवाब देंगे।

विपक्ष ने लोकतंत्र की मर्यादाओं को तार-तार करने का ले रखा है ठेका 
विधानसभा सत्र के दौरान भाजपा के व्यवहार पर बरसते हुए विनय कुमार ने कहा कि विपक्ष ने लोकतंत्र की मर्यादाओं को तार-तार करने का ठेका ले रखा है। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले प्रवेश द्वार पर नारेबाजी करना एक खतरनाक परंपरा की नींव रखना है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शोर-शराबे और अराजकता के जरिए सदन की गरिमा को चोट पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि सदन के बाहर ड्रामा करना आसान है, लेकिन भीतर प्रदेशहित के मुद्दों पर तर्क करना भाजपा के बस की बात नहीं है। उन्होंने साफ किया कि जनता ने भाजपा को विपक्ष की जिम्मेदारी दी है, लेकिन वह नकारात्मक राजनीति कर अपने राजनीतिक दिवालियापन को छुपा रहे हैं। कांग्रेस राहुल गांधी के अपमान और भाजपा के इस अलोकतांत्रिक रवैये के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ेगी।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News