हिमाचल में शादी समारोह से लौट रहे परिवार के साथ दर्दनाक हादसा: 2 की मौत, 3 लड़ रहे जिंदगी की जंग

punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 11:32 AM (IST)

हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के चडी-घेरा मार्ग पर हनुमान मंदिर के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई (खड्ड) में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसका इंजन व पहिए तक गाड़ी से अलग हो गए। इस हादसे में दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

हादसे का मुख्य विवरण:

यह हादसा देर रात तब हुआ जब कार सवार लोग एक निजी समारोह से वापस अपने घर लौट रहे थे। जान गंवाने वालों की पहचान 40 वर्षीय करण बहादुर और 18 वर्षीय करीना देवी के रूप में हुई है, जो भितलू पंचायत के रहने वाले थे।

मलबे से निकाले गए तीन अन्य घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। उन्हें इलाज के लिए धर्मशाला के जोनल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सुबह चला घटना का पता

सड़क सुनसान होने और रात का अंधेरा होने के कारण हादसे का तुरंत पता नहीं चल सका। शनिवार सुबह जब वहां से गुजरने वाले लोगों ने सड़क किनारे गाड़ी के टूटे हुए हिस्से देखे, तब जाकर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और राहत कार्य शुरू किया। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार की वजह से हुआ या गाड़ी में किसी तकनीकी खराबी के कारण।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News