Shimla: बीएड में पहले राऊंड की काऊंसलिंग के बाद 1033 सीटें भरीं, 5017 सीटेें खाली
punjabkesari.in Saturday, Jul 25, 2026 - 06:43 PM (IST)
शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग और राजकीय कालेज ऑफ टीचर्स एजुकेशन धर्मशाला व संबद्धता प्राप्त निजी बीएड कालेजों में प्रवेश के लिए पहले राऊंड की ऑनलाइन काऊंसलिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद शनिवार को बीएड की खाली सीटों का ब्यौरा जारी किया गया। पहले राऊंड के बाद बीएड की 1033 सीटें भरीं। कुल 6050 सीटों के लिए यह प्रवेश प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है और इनमें से 1033 सीटें भरने के बाद अब 5017 सीटेें खाली रह गई हैं। पहले राऊंड के बाद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग में विभिन्न वर्गों में अभी 36 सीटें खाली हैं। इसके अलावा राजकीय कालेज ऑफ टीचर्स एजुकेशन धर्मशाला में 107 सीटें अभी खाली हैं। शेष सीटें निजी बीएड कालेजों में खाली हैं।
अब इन सीटों को भरने के लिए दूसरे राऊंड की काऊंसलिंग रविवार से शुरू होगी। काऊंसलिंग प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों को अपने-अपने लॉग इन आईडी के जरिए 3 कालेज की प्राथमिकताएं 26 से 28 जुलाई तक देनी होगी। इसी के साथ 29 जुलाई को स्पोर्ट्स व कल्चरल कोटे के तहत बीएड में प्रवेश के लिए काऊंसलिंग एचपीयू में होगी। इसके बाद 31 जुलाई को उम्मीदवारों को आबंटित कालेज की जानकारी लॉग इन आईडी पर अपलोड कर दी जाएगी। इसके बाद 1 से 3 अगस्त तक संबंधित आबंटित कॉलेज में उम्मीदवारों के दस्तावेजों की वैरीफिकेशन होगी और ऑनलाइन फीस जमा करवानी होगी।

