Shimla: राज्य के 3 जिलों के CBSE स्कूलों में अस्थायी शिक्षकों के इस्तीफे
punjabkesari.in Thursday, Oct 08, 2026 - 08:35 PM (IST)
शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश के सरकारी सीबीएसई स्कूलों में अस्थायी तौर पर नियुक्त किए गए शिक्षकों के इस्तीफे का सिलसिला शुरू हो गया है। प्रदेश के 3 जिलों से शिक्षकों द्वारा नौकरी छोड़ने के मामले सामने आए हैं। इनमें बिलासपुर, पांवटा साहिब और हमीरपुर के सीबीएसई स्कूल शामिल हैं। जानकारी के अनुसार इस्तीफा देने वाले शिक्षकों में जियोग्राफी और गणित विषय के हैं। बताया जा रहा है कि इनमें से कुछेक शिक्षकों ने टीजीटी कमीशन की परीक्षा उत्तीर्ण की है। नियमित नियुक्ति का रास्ता साफ होने के बाद इन शिक्षकों ने अस्थायी तौर पर मिली सीबीएसई स्कूलों की नौकरी छोड़ दी है। सरकार की ओर से सरकारी स्कूलों को सीबीएसई पैटर्न के तहत संचालित करने के लिए शिक्षकों की अस्थायी नियुक्तियां की गई हैं। ऐसे में शिक्षकों के इस्तीफे से स्कूलों में चल रही शिक्षक व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना है। हालांकि विभाग ने भी इनके इस्तीफे स्वीकार कर लिए हैं।

