Shimla: एचआरटीसी की 366 पुरानी बसें होंगी बेड़े से बाहर, प्रदेश भर में स्थापित होंगे चार्जिंग स्टेशन

punjabkesari.in Thursday, Oct 08, 2026 - 07:06 PM (IST)

शिमला (राजेश): एचआरटीसी की 15 साल पुरानी और 9 लाख किलोमीटर माइलेज पूरी कर चुकी पुरानी डीजल बसें बेड़े से बाहर होंगी। इन बसों के स्थान पर इलैक्ट्रिक बसें चलेंगी। निगम प्रबंधन जल्द ही पुरानी बसों की ऑक्शन करेगा। पुरानी बसों की ऑक्शन के बाद निगम नई बसों की भी खरीद करेगा और ई-बसें रूटों पर चलाएगा। प्रदेश भर में ई-बसों का संचालन सही तरीके से होगा और हर जगह बसों को फास्ट चार्जिंग स्टेशन की सुविधा मिलेगी। इसके लिए सरकार 60 करोड़ रुपए अतिरिक्त खर्च करेगी। वहीं इससे पहले चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए 110 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। इस राशि से प्रदेश भर में ई-बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा चुके हैं। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि ई-बसों के सफल संचालन के लिए सरकार नई ई-बसों की खरीद कर रही है, ताकि प्रदेश में ई-बसों का संचालन हो सके और प्रदूषण की मात्रा भी घट सके।

उन्होंने बताया कि निगम में 250 डीजल बसों की खरीद प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी, जबकि 366 पुरानी बसों को चरणबद्ध तरीके से बेड़े से बाहर किया जाएगा, जिसकी प्रकिया जल्द शुरू होगी। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य एचआरटीसी को आर्थिक और तकनीकी रूप से मजबूत बनाना है। नए बस बेड़े, ग्रीन हाइड्रोजन और इलैक्ट्रिक बसों को बढ़ावा देने के साथ पुराने वाहनों को हटाने से जहां यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी, वहीं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी प्रदेश को आगे बढ़ाया जा सकेगा।

एचआरटीसी की ग्रांट 71 करोड़ करने व पर्यावरण सैस हटाने की मांग
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि एचआरटीसी का घाटा बढ़ता जा रहा है। ऐसे में सरकार से एचआरटीसी की ग्रांट को 58 करोड़ रुपए से बढ़ाकर 71 करोड़ रुपए करने का आग्रह किया गया है। वहीं ई-बसों के पर्यावरण हितैषी संचालन को प्रोत्साहित करने के लिए उनकी चार्जिंग पर लगने वाले प्रति यूनिट पर्यावरण सैस को हटाने की मांग भी रखी गई है।              

अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा के लिए दिल्ली, चंडीगढ़ व हरिद्वार से चलेंगी स्पैशल बसें
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय दशहरा महोत्सव के दौरान लोगों की सुविधा के लिए दिल्ली, चंडीगढ़, हरिद्वार और बद्दी से हिमाचल के विभिन्न क्षेत्रों के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। इससे त्यौहार के दौरान यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सकेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News