Shimla: डरकर इंटरनैट-रेलवे सेवाएं बंद की, राहुल-प्रियंका को हिरासत में लेना अशोभनीय : सुक्खू
punjabkesari.in Saturday, Oct 10, 2026 - 05:48 PM (IST)
शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मैं कांग्रेस पार्टी के सोमवार को होने वाले सुप्रीम कोर्ट मार्च में हिस्सा लूंगा। उन्होंने यह बात नई दिल्ली से शिमला पहुंचने के बाद पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कही। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने डरकर इंटरनैट और रेलवे सेवाएं बंद की हैं। उन्होंने राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी वाड्रा को हिरासत में लेने को अशोभनीय बताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही निर्णायक लड़ाई लड़कर चुनाव के समय निर्णय सुनाती है।
राहुल गांधी के पिता और दादी दोनों प्रधानमंत्री रहे हैं। ऐसे में उनको किसी चीज की इच्छा नहीं है, वह सिर्फ लोकतंत्र को जिंदा रखने की लड़ाई लड़ रहे हैं। कांग्रेस ने हमेशा संविधान की रक्षा की है तथा इस समय भी वही काम कर रही है। जब देश आजाद हुआ था तब किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि देश के लोगों को मिला मताधिकार का हक उनसे छीन लिया जाएगा।
लोकतंत्र में आंदोलन करना सबका अधिकार है, लेकिन केंद्र सरकार इसको छीन रही है। उन्होंने कहा कि बेहतर होता कि आंदोलन करने वालों को रामलीला ग्राऊंड जैसी जगह उपलब्ध करवाई जाती। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के आंदोलन को दबा नहीं सकती। यदि ऐसा प्रयास किया जाएगा तो आंदोलन उग्र रूप धारण करेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने कभी भी आंदोलन करने वालों को नहीं रोका है तथा केंद्र सरकार को भी ऐसा नहीं करना चाहिए। सरकार को अपनी गलती मानकर इसमें सुधार करना चाहिए।

