Shimla: रामपुर के खनेरी में पुलिस का बड़ा एक्शन, चिट्टे की खेप सहित पंजाब और शिमला के 2 युवक गिरफ्तार
punjabkesari.in Sunday, Oct 11, 2026 - 01:51 PM (IST)
रामपुर बुशहर (संतोष): हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में शिमला जिले के रामपुर बुशहर में पुलिस ने नैशनल हाईवे-05 पर गश्त के दौरान दो युवकों को 18.07 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नशीले पदार्थ को जब्त कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रामपुर सब-डिवीजन के डिटैक्शन सैल की टीम इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान बीती रात करीब 8:45 बजे पुलिस टीम ने महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर खनेरी के समीप नाका लगाया हुआ था। चैकिंग के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर 2 युवकों को रोका। जब उनकी तलाशी ली गई, तो उनके कब्जे से 18.07 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
नशे की इस खेप के साथ पकड़े गए आरोपियों में एक पंजाब का और दूसरा स्थानीय युवक शामिल है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव (23) पुत्र कृपाल निवासी मकरौर साहिब, तहसील मुनक, जिला संगरूर (पंजाब) और राहुल (29) पुत्र कृष्ण सिंह निवासी गांव शाह, डाकघर धार गौरा, तहसील रामपुर (जिला शिमला) के रूप में हुई है।
रामपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना रामपुर में मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। पूछताछ के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी यह चिट्टा कहां से खरीद कर लाए थे और रामपुर क्षेत्र में इसे आगे किन लोगों को सप्लाई किया जाना था। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के ड्रग माफियाओं में हड़कंप है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

