26 तक साफ रहेगा मौसम

punjabkesari.in Monday, Nov 20, 2023 - 09:29 PM (IST)

शिमला (संतोष): दिनभर धूप खिलने के बावजूद भी हिमाचल में तापमान घटने लगा है, जिससे लोग ठंड से ठिठुरने लगे हैं। न्यूनतम तापमान में काफी अधिक गिरावट दर्ज की गई है। केलांग व समधो में तापमान माइनस में चला हुआ है। केलांग में माइनस 0.4 तो समधो में माइनस 0.7 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ है। राजधानी शिमला और ऊना में न्यूनतम तापमान एक समान बना हुआ है, जिससे पहाड़ों व मैदानी इलाकों की रातें एक समान सर्द बनी हुई हैं। शिमला में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री रहा है, जबकि ऊना में भी यही न्यूनतम तापमान रिकार्ड किया गया है। इसके अलावा कई मैदानी इलाके ऐसे हैं जहां पर शिमला से भी कम तापमान रिकार्ड किया गया है। इसमें सुंदरनगर में 6.1, सोलन में 6.5, पालमपुर में 7, मंडी में 7.7 डिग्री तापमान बना हुआ है।

उधर, मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में एक सप्ताह तक मौसम साफ बने रहने की संभावना है। सुबह-शाम के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के सभी क्षेत्रों में 26 नवम्बर तक मौसम शुष्क बना रहने की संभावनाएं हैं लेकिन 23 नवम्बर से एक ताजा कमजोर पश्चिमी विक्षोभ हिमाचल सहित पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में प्रभावित करेगा। सोमवार को राजधानी शिमला व अन्य भागों में मौसम साफ बना रहा। ऊना में अधिकतम तापमान 27 डिग्री जबकि शिमला में 18.8 डिग्री अधिकतम तापमान रहा। मौसम विभाग ने पशुपालकों-किसानों को सलाह दी है कि तापमान गिर रहा है, इसलिए ठंड से बचाव के इंतजाम कर लें। खासतौर पर मुर्गी घरों को ठंड से बचाने का प्रबंध करें।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News