हिमाचल में ओलावृष्टि का कहर, 3 दिन साफ और फिर बारिश व बिजली गिरने की चेतावनी

punjabkesari.in Wednesday, May 06, 2026 - 10:43 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल में मई के महीनेे में भी ओलावृष्टि, बारिश व तूफान का दौर जारी है। बुधवार को शिमला सहित प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश व कई क्षेत्रों में जमकर ओलावृष्टि हुई। शिमला के फागू, रोहड़ू, हमीरपुर के सुजानपुर, सिरमौर के राजगढ़ और मंडी की सराज वैली में ओलावृष्टि से सेब समेत दूसरे फलों और सब्जियों को नुक्सान पहुंचा है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान सिरमौर के संगड़ाह में सबसे ज्यादा 31.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की है।

इसी तरह शिमला में 17.6, नाहन 13.2, बरठीं 6.2, सराहन 5.5, सोलन 5.2 और पालमपुर में 5.2 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार आज और कल 7 मई को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। उसके बाद 8 से 10 मई तक मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि 11 और 12 मई को फिर से कई स्थानों पर आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है, जिसे लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मई में सामान्य से 35 फीसदी ज्यादा बारिश
मई महीने में अब तक नॉर्मल से 35 फीसदी ज्यादा बारिश हो चुकी है। हमीरपुर में 257 प्रतिशत, कांगड़ा 235, मंडी 232, शिमला 309, सिरमौर 348, ऊना 331 और सोलन में 346 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News