Weather Update: हिमाचल में बदलेगा मौसम, 3 दिन तक आंधी-तूफान का अलर्ट
punjabkesari.in Saturday, May 02, 2026 - 10:28 PM (IST)
शिमला (ब्यूरो): प्रदेश में मौसम पूरी तरह बदल गया है। शनिवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। राजधानी शिमला में शनिवार को दोपहर बाद अचानक मौसम खराब हुआ और तेज तूफान चला। इस दौरान शिमला में हल्की बारिश भी दर्ज की गई। इसके अतिरिक्त बीते 24 घंटे में सराहन 18.5 मिमी सबसे अधिक वर्षा हुई, जबकि सांगला, सेओबाग और भावानगर में भी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने 3 से 5 मई तक कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
इसके बाद 6 व 7 मई कुछ स्थानों पर हल्की बारिश जारी रह सकती है। 8 मई को प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। मौसम विभाग ने 3, 4 और 5 मई के लिए आंधी-तूफान और बिजली गिरने का यैलो अलर्ट जारी किया है। खासकर मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में इसका ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग विशेषज्ञों के अनुसार प्रदेश में अगले 24 घंटों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट और अधिकतम तापमान में भी 3 से 4 डिग्री तक कमी आ सकती है।

