काइन के शेला देवता के नवनिर्मित मंदिर की हुई प्रतिष्ठा, आस्था का उमड़ा सैलाब
punjabkesari.in Saturday, Dec 02, 2023 - 10:25 PM (IST)

17 वर्षों के बाद क्लाथ में किया शाही स्नान, महादेव भोज का हुआ अयोजन
नग्गर (आचार्य): काइन के शेला देवता के नवनिर्मित मंदिर की प्रतिष्ठा शनिवार को हुई। इस प्रतिष्ठा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। गौर रहे कि काइन के शेला देवता ने शुक्रवार को क्लाथ में शाही स्नान किया। उसके उपरांत देवता शाम को अपने देवालय लौटे। देवता के कारदार भीखम राम ठाकुर ने बताया कि देवता नवनिर्मित मंदिर के पूरा होने और नए चिन्हों को बनाने के पश्चात शेला देवता 17 वर्षों के बाद क्लाथ में कपिल मुनि के तीर्थस्थल पर स्नान करने गए। उसके उपरांत शनिवार को देवता के नवनिर्मित मंदिर की प्रतिष्ठा की गई। जिसके उपलक्ष्य में काईन में महादेव भोज का अयोजन भी किया गया। क्षेत्र के लगभग 2 हजार से अधिक श्रद्धालु देव भोज में शामिल हुए और देवता का आशीर्वाद लिया। शेला देवता के मंदिर की प्रतिष्ठा में हलाण के देवता नाग धुम्बल के कार करिंदो की हार को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया।
शेला देवता को माना जाता है शांति का देवता
देवता के कारदार भीखम राम ठाकुर ने बताया कि शेला देवता को शांति का देवता माना जाता है। क्षेत्र में जहां अन्य देवता के रथ या करड़ू होते हैं वहीं, शेला देवता उन कुछ चुनिंदा देवता में हैं। जिनके रथ और करड़ू नहीं होते हैं और न ही इनके पास ढोल-नगाड़ों व अन्य वाद्ययंत्रों का प्रयोग किया जाता है। शेला देवता को शांति पसंद है। देवता हमेशा देव कार्य करने के लिए अपने मंदिर से बाहर रात को कभी भी नहीं रुकते हैं। दिन में देव कार्य पूर्ण कर रात को अपने मंदिर को ही लौटते हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here