Kangra: 2027 चुनावों में नौजवानों को भी मिलेगा अवसर : जयराम

punjabkesari.in Monday, Oct 19, 2026 - 05:45 PM (IST)

शाहपुर (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। भाजपा ने पंचायत एवं शहरी निकाय चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन को आगामी विधानसभा चुनावों के लिए सकारात्मक संकेत बताते हुए कांग्रेस सरकार पर हमला तेज कर दिया है। शाहपुर में नवनिर्वाचित पंचायती राज संस्थाओं और शहरी निकायों के जनप्रतिनिधियों के सम्मान में आयोजित समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर विकास कार्यों में रुकावट, बढ़ते कर्ज और चुनावी गारंटियों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा के पक्ष में माहौल बन रहा है और वर्ष 2027 में पार्टी सत्ता में वापसी करेगी। युवाओं को आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट दिए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी में नौजवानों को अवसर मिलेगा।

जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘लोकप्रिय’ और ‘लोनप्रिय’ मुख्यमंत्री करार दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों पर ताला लगा हुआ है, इसलिए उन्होंने मुख्यमंत्री के लिए ‘लोकप्रिय’ शब्द का इस्तेमाल किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में विकास की गति प्रभावित हुई है। जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा ने चुनावी तैयारी का दौर शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि करीब 25 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया जा चुका है और इन क्षेत्रों में भाजपा के पक्ष में माहौल दिखाई दे रहा है।

‘वोट चोरी’ के आरोपों पर कांग्रेस को घेरा
दिल्ली में कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे ‘वोट चोरी’ के आरोपों और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए बसें ले जाने के सवाल पर जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जिस चुनाव आयोग पर कांग्रेस सवाल उठा रही है, उसी आयोग ने हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव करवाए थे और कांग्रेस सत्ता में आई थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News