Chamba: पिता ने कमरे की ​खिड़की से झांक कर देखा तो उड़े होश, घर में मची चीख पुकार

punjabkesari.in Saturday, Sep 26, 2026 - 05:21 PM (IST)

सलूणी (शक्ति): उपमंडल सलूणी के भेलू गांव में एक युवती ने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है। पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। राजिंद्र कुमार निवासी गांव भेलू ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे उसकी बेटी रिया ने खाना खाया और अपने कमरे में चली गई। रात करीब 11 बजे बेटी के कमरे के बाहर से गुजर रहा था।

इस दौरान कमरे की खिड़की से अंदर देखा तो उसकी बेटी पंखे की कुंडी से गले से दुपट्टा बांध कर लटकी हुई थी। उसने तुरंत अपने बेटे को बुलाया। बेटा करण कुमार वहां पहुंचा मगर अंदर से दरवाजे को कुंडी लगाई थी। हम दोनों ने दरवाजे की कुंडी तोड़ कर कमरे के अंदर प्रवेश किया और रिया को फंदे से नीचे उतारा और दुपट्टा वहीं पर रहने दिया। उसके उपरांत उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल सलूणी ले गए, जहां पर चिकित्सक द्वारा मृत घोषित किया गया।

पुलिस चौकी सलूणी का पुलिस दल अस्पताल पहुंचा और परिजनों के बयान कलमबद्ध कर शव को अपने कब्जे में लिया। पिता ने बताया कि रिया एक युवक के साथ फोन पर बात करती थी, जिसके चलते तीन चार दिन पहले बेटी का फोन अपने पास रख लिया था। साथ ही बेटी को समझाया। बेटी ने दोबारा उस लड़के के साथ बात न करने का भरोसा दिया था। इसके चलते 25 सितम्बर को बेटी का फोन उसे लौटा दिया था।

एसडीपीओ सलूणी रंजन शर्मा का कहना है कि सूचना के बाद पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद शव काे पुलिस कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के लिए मैडीकल कॉलेज चम्बा पहुंचाया। वहां पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक युवती के परिजनों के बयान दर्ज कर बीएनएसएस की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News