चम्बा दौरे पर पहुंचे कैबिनेट मंत्री का विरोध, काले झंडे दिखाकर लगाए Go Back के नारे
punjabkesari.in Friday, Sep 25, 2026 - 09:47 PM (IST)
चम्बा (काकू): हिमाचल प्रदेश के जनजातीय विकास, राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी को अपने चम्बा दौरे के दौरान भारी विरोध का सामना करना पड़ा। जिला मुख्यालय चम्बा पहुंचने पर प्रदर्शनकारियों ने उन्हें काले झंडे दिखाए और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस रोष प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य जय सिंह ने किया। प्रदर्शनकारियों ने चम्बा मेडिकल कॉलेज की चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और आपदा के दौरान की गई अधूरी घोषणाओं को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। जानकारी के अनुसार मंत्री जगत सिंह नेगी के चम्बा पहुंचने पर प्रदर्शनकारी सबसे पहले टैक्सी स्टैंड के बाहर एकत्रित हुए और काले झंडे लहराकर अपना विरोध दर्ज करवाया। इसके बाद भारी संख्या में लोग चौगान में स्थित परिधि गृह (सर्किट हाऊस) के निकट पहुंच गए और वहां जगत सिंह नेगी गो बैक के नारे लगाने लगे। हालांकि, प्रदर्शन के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिसके चलते प्रदर्शनकारी मंत्री के करीब पहुंचने में सफल नहीं हो सके।
सैर-सपाटे करने और जांच रिपोर्ट दबाने का लगाया आरोप
भाजपा नेता जय सिंह ने मंत्री के इस दौरे पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कैबिनेट मंत्री केवल सैर-सपाटे के लिए चम्बा आते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में आई आपदा के समय मंत्रियों द्वारा जो बड़ी-बड़ी घोषणाएं की गई थीं, वे आज तक धरातल पर नहीं उतरी हैं। इसके साथ ही उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज चम्बा की लचर व्यवस्थाओं को लेकर सरकार और अस्पताल प्रबंधन को आड़े हाथों लिया। जय सिंह ने आरोप लगाया कि अस्पताल की बदहाली के कारण आए दिन युवाओं, माताओं और बहनों की मौतें हो रही हैं। मुख्यमंत्री के आदेश पर इन मौतों और व्यवस्थाओं की जांच के लिए जो कमेटी बैठाई गई थी, उसकी रिपोर्ट को सरकार जानबूझकर सार्वजनिक नहीं कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अस्पताल के दोषियों को बचाने का प्रयास कर रही है।
सैंट्रल लैब के रिकॉर्ड को जब्त करने की उठाई मांग
प्रदर्शनकारियों ने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन पर निजी लैब संचालकों के साथ कथित सांठ-गांठ के भी गंभीर आरोप लगाए। जय सिंह ने दावा किया कि अस्पताल में 24 घंटे चलने वाली सैंट्रल लैब मौजूद है, इसके बावजूद मरीजों को महंगे टैस्ट करवाने के लिए जबरन निजी लैबों में भेजा जा रहा है। उन्होंने स्टेट विजिलैंस और पुलिस विभाग से मांग की है कि सैंट्रल लैब के रिकॉर्ड को तुरंत जब्त कर सील किया जाए और प्रबंधन इस पूरे मामले पर श्वेत पत्र जारी करे।

एसपी के माध्यम से सौंपा ज्ञापन, दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शन के पश्चात जय सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधीक्षक चम्बा के माध्यम से मंत्री जगत सिंह नेगी को एक ज्ञापन भेजा। इस ज्ञापन में मांग की गई है कि मेडिकल कॉलेज की जांच रिपोर्ट को तुरंत सार्वजनिक किया जाए और दोषियों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक चम्बा की जनता को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक सत्ताधारी मंत्रियों और विधायकों का इसी प्रकार घेराव और विरोध जारी रहेगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

