Chamba : आसमानी बिजली से 35 भेड़-बकरियों की मौत, भेड़पालकों को लाखों का नुकसान
punjabkesari.in Friday, Sep 18, 2026 - 12:52 PM (IST)
Chamba News : विकास खखंड मैहला के अलमी धार में आसमानी बिजली की चपेट में आने से 35 भेड़-बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा करीब 28 बकरियां गंभीर रूप से घायल हैं। इससे तीन भेड़पालकों को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।
ग्राम पंचायत गान के डीगेड गांव निवासी भेड़पालक ठाकरू राम, महिंद्र और तिलक राज अपने पशुधन के साथ अलमी धार पर अस्थायी डेरे में ठहरे हुए थे। इस दौरान अचानक देर रात तेज गर्जना के साथ आसमानी बिजली उनके पशुओं के झुंड पर आ गिरी। रात के अंधेरे में हुई इस घटना से पशुपालकों में अफरा-तफरी मच गई और उनका आजीविका का मुख्य साधन पलक झपकते ही तबाह हो गया। घटना के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक व्यक्ति भी झुलसकर घायल हुआ है, जिसकी स्थिति खतरे से बाहर है।
उधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद पशु पालन व राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर आकर नुकसान का आकलन किया। एपीएमसी चेयरमैन ललित ठाकुर ने बताया कि नायब तहसीलदार धरवाला से बात कर संबंधित क्षेत्र के पटवारी को तुरंत मौके पर पहुंचकर नुकसान की रिपोर्ट तैयार करने को कहा। उन्होंने घायल भेड़-बकरियों को समय पर उपचार करने के निर्देश दिए गए हैं और पशुधन का पोस्टमार्टम व आकलन पूरा किया जा रहा है, ताकि प्रदेश सरकार से उचित मुआवजा दिलाया जा सके।

