Chamba : जमीन पर हक जताकर बिजली बोर्ड के अधिकारियों व कर्मचारियों से की बदसलूकी, मुकद्दमा दर्ज
punjabkesari.in Saturday, Sep 19, 2026 - 10:03 AM (IST)
Chamba News : बिजली बोर्ड के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बदसलूकी व धमकी देने पर एक व्यक्ति के खिलाफ मुकद्दमा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सरकारी काम में डाली बाधा
बिजली बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता जाकिर हुसैन ने पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया कि बोर्ड के कर्मचारी तय नियमों के तहत ढाकियाड़ा में टावर नंबर 13 और 14 के पास वैध मेंटीनेंस का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे थे। इसी दौरान स्थानीय निवासी अशोक अली मौके पर आ धमका और बिजली बोर्ड के अधिकारियों तथा कर्मचारियों के सुचारू रूप से चल रहे सरकारी काम में बाधा डालना शुरू कर दिया। आरोपी ने संबंधित जमीन पर अपना मालिकाना हक जताते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। उसने दावा किया कि उसके पास इस कार्य पर रोक लगाने के लिए स्टे ऑर्डर है।हालांकि जब मौके पर मौजूद अधिकारियों ने उससे स्टे ऑर्डर की कॉपी दिखाने की मांग की तो वह कोई भी कागजात या आदेश प्रस्तुत करने में असमर्थ रहा। इसके बावजूद उसने जबरन बिजली विभाग के कार्य को रुकवा दिया।
मामला दर्ज
इतना ही नहीं, कागजात न दिखा पाने की झुंझलाहट में आरोपी ने आपा खो दिया और कनिष्ठ अभियंता तथा अन्य कर्मचारियों के साथ बदसलूकी की। उसने सरकारी अधिकारियों को खुलेआम गालियां दीं और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां तक दे डालीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सरकारी कामकाज ठप्प हो गया। शिकायत मिलने के तुरंत बाद पुलिस थाना तीसा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। एसपी विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मामले में आगामी तफ्तीश जारी है।

