चम्बा दुखद घटना: मां के बिना सूना हुआ बचपन, 2 मासूमों के सिर से उठा ममता का साया
punjabkesari.in Saturday, Sep 19, 2026 - 04:23 PM (IST)
चम्बा (रणवीर): ग्राम पंचायत कुम्हारका में महिला की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। महिला की मौत से 2 बच्चों के सिर से मां की ममता का साया हमेशा के लिए उठ गया है। जैसे ही मां की मौत के बारे में जानकारी मिली बच्चों सहित पूरे परिवार में चीखो-पुकार मच गई। बड़े बेटे 11 वर्षीय आदित्य व 7 वर्षीय महक को इस बात का जरा भी आभास नहीं था कि उनकी मां अब कभी वापस नहीं आएगी।
बता दें कि जब बोबी घास काटने गई थी तब बच्चे सोए हुए थे। महिला परिवार के अन्य सदस्यों को यह कहकर गई थी कि वह जल्दी घासनी से घास लेकर आई, जिसके बाद घर का काम वापस आकर करेगी। शनिवार को स्कूल में छुट्टी थी, ऐसे में बच्चों को तैयार करके स्कूल भेजने की भी कोई जल्दी नहीं थी। वहीं दूसरी तरफ महिला के गिरने के बारे में पति को मोबाइल पर जानकारी दी गई। पति पवन कुमार चंडीगढ़ में कंपनी में नौकरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता है।

