Shimla: किन्नौर में अनियंत्रित होकर सतलुज में गिरी कार, 3 युवकों की मौत

punjabkesari.in Saturday, Aug 01, 2026 - 09:50 PM (IST)

​रिकांगपिओ (राजकुमार): जिला किन्नौर के टापरी के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर शनिवार सुबह एक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से वाहन में सवार 3 लोगों की मौत का मामला प्रकाश में आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सड़क हादसे में वाहन अनियंत्रित होकर सीधे उफनती सतलुज नदी में जा गिरा। हादसे में वाहन सवार तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान ​नंद लाल (39) निवासी थेमगारंग तहसील सांगला जिला किन्नौर, ​अमृत सिंह (38) निवासी थेमगारंग तहसील सांगला जिला किन्नौर एवं ​बलू राम (36) निवासी चोरट सुंदरनगर जिला मंडी के रूप में हुई है।

​घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, होमगार्ड और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। इस दौरान उफनती नदी और गहरी खाई के कारण टीम को राहत एवं बचाव कार्य में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। करीब 3 घंटे तक चले कड़े रैस्क्यू ऑप्रेशन के बाद भारी क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार और तीनों शवों को सतलुज नदी से बाहर निकाला गया।

हालांकि दुर्घटना के कारण का अब तक पता नहीं चल पाया है, पुलिस की ओर से मामला दर्ज कर इस बारे छानबीन की जा रही है। एसपी किन्नौर सुशील कुमार शर्मा ने खबर की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सभी संभावित पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। ​​पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News