बिगड़ती कानून व्यवस्था और माफिया राज के खिलाफ ऊना में गरजी भाजपा, रोष रैली निकाली

punjabkesari.in Saturday, Jul 29, 2023 - 07:44 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): बिगड़ती कानून व्यवस्था और माफिया के खिलाफ शनिवार को भाजपा मंडल ऊना ने विधायक सतपाल सत्ती की अगुवाई में जिला मुख्यालय में सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया और रोष मार्च निकाला। इस मौके पर एमसी पार्क के सामने भाजपा नेताओं ने अपने संबोधन में पुलिस, प्रशासन और सरकार सहित स्थानीय कांग्रेसी नेताओं को माफिया राज फैलाने का जिम्मेदार बताया और आगे भी विरोध प्रदर्शन व घेराव करने की चेतावनी दी। एमसी पार्क के सामने धरना-प्रदर्शन के बाद न्यू आईएसबीटी तक रोष रैली निकाली गई, जिसमें प्रशासन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। 
PunjabKesari

अपने मंसूबों को अंजाम देने के लिए दोबारा ऊना लाए गए पुलिस अधिकारी
इस मौके पर विधायक सतपाल सत्ती ने कहा कि जब से कांग्रेस सत्ता में आई है तब से प्रदेश में तो माफिया राज बढ़ा ही है बल्कि ऊना विधानसभा क्षेत्र में माफिया राज की इंतहा हो गई है। पुलिस कर्मियों को बंधक बना लिया जाता है और स्थानीय कांग्रेसी नेता प्रशासन पर दबाव बनाते हैं। उन्होंने कहा कि ऊना अस्पताल में भी 2 लोग डेरा जमाए हुए हैं, जो चिकित्सकों को डराते हैं और मनमर्जी की दवाइयां लिखवाते हैं। कुछ माह पहले ऊना से स्थानांतरित किए पुलिस अधिकारियों को अपने मंसूबों को अंजाम देने के लिए दोबारा ऊना लाया गया है। हर तरफ से हिस्सापत्ती का खेल चल रहा है और माफिया राज पूरी तरह से कांग्रेसी नेताओं के संरक्षण में पैदा हो चुका है।
PunjabKesari

वायदों से मुकरी सरकार, जनता सिखाएगी सबक
इस मौके पर प्रदेश सचिव सुमित शर्मा ने कहा कि लोगों को झूठे सपने दिखाकर कांग्रेस सत्ता में आई है और अब वायदों से मुकर गई है। लोग इस सरकार से दुखी हैं, आपस में कांग्रेसी नेता उलझे हुए हैं। अब लोकसभा चुनावों में जनता सबक सिखाएगी और माफिया राज खत्म करेगी। इस मौके पर ऊना सदर के भाजपा मंडल अध्यक्ष हरपाल सिंह गिल, प्रदेश सचिव सुमित शर्मा, बलवीर बग्गा, सागर दात भारद्वाज, राज कुमार पठानिया, नीलम कुमारी, पुष्पा देवी, रीना वासुदेवा, रितु अशोत्रा, बलवंत ठाकुर, विनोद पुरी, विनय शर्मा, रजत रज्जी, जसविंदर मोनू और वरुण मैहन सहित अन्य कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News