राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना, कही ये बड़ी बात

punjabkesari.in Tuesday, Mar 26, 2024 - 09:54 PM (IST)

शिमला (हैडली): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की नाकामयाबी और तानाशाही रवैये से तंग आकर कांग्रेस से भाजपा में शामिल होने का कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सभी को हमेशा जलील करने का काम किया करते थे, इनसे भेदभाव की नीति अपनाई जाती थी, जिसका खमियाजा कांग्रेस को विधायक खोकर चुकाना पड़ा है। यह बात प्रैस वार्ता में संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने कही। उन्होंने कहा कि अभी भी मंत्री व विधायकों में खींचतान चली है, जिससे आने वाले दिनों में खुद ही प्रदेश की कांग्रेस सरकार अपने ही बोझ से गिर जाएगी। कांग्रेस के मंत्री व कई विधायक उनके संपर्क में हैं, लेकिन भाजपा उतने ही विधायक लेगी जितनी जरूरत है और लोकसभा चुनाव के बाद इस सरकार का गिरना तय है। उन्होंने कहा कि इसके लिए भाजपा नहीं बल्कि खुद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह जिम्मेदार हैं। विधायक अपनी सरकार से खुश नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जिन कांग्रेस के 6 विधायकों ने राज्यसभा चुनाव में उन्हें वोट किया है उन्होंने अपनी अंतर आत्मा की आवाज सुनकर ही वोट दिया और पार्टी को छोड़ने का फैसला किया। हर्ष महाजन ने कहा कि जिस तरह कांग्रेस सरकार केस बना रही, इस तरह कार्रवाई नहीं करनी चाहिए।

मुख्यमंत्री बन गए थे तानाशाह : रवि ठाकुर
भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने मुझे इस काबिल समझा कि मैं भाजपा में शामिल हो जाऊं। इसलिए मैं पूरी तरह संतुष्ट होकर पार्टी में शामिल हुआ हूं। कांग्रेस छोड़ने की कोई बड़ी वजह रही होगी जो सभी 6 विधायकों ने ऐसा कदम उठाया। लोग तो प्रधान तक का पद नहीं त्यागते। हमने तो सबकुछ दांव लगाकर अपनी विधायकी तक छोड़ दी। यह बात प्रैस वार्ता में लाहौल-स्पीति के पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने कही। उन्होंने मुख्यमंत्री पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे पूरी तरह तानाशाह बन चुके हैं। हमें हर समय जलील किया जाता था। क्षेत्र के लिए कभी एक लाख तक नहीं दिए। हमेशा भेदभाव की नीति अपनाई और भाजपा के विकास करने के तरीके और नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा से जुड़े हैं। उन्होंने साथ ही भाजपा के पूर्व विधायक डाॅ. रामलाल मारकंडा से अनुरोध किया है कि वे उनका साथ दें। भाजपा ने दो बार मंत्री व अन्य कई पदों से नवाजा है। अब गिले-शिकवे दूर कर मेरा साथ दें, हम मिलकर कार्य करेंगे।

सुक्खू सरकार गुंडागर्दी पर आ गई : जयराम
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार गुंडागर्दी पर आ गई है। चुने हुए जनप्रतिनिधियों के साथ इस तरह का बर्ताव कर रही है। इस प्रकार का दुस्साहस किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं है। भाजपा इस तरह की अराजकता को बर्दाश्त नहीं करेगी। प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से फेल हो गई है। यह सरकार के खुफिया तंत्र की भी नाकामी है। आचार संहिता के दौरान इस तरह से भीड़ का अचानक आ जाना और एक राज्यसभा सांसद पर हमला करना कांग्रेस की हताशा के कारण हैं। इस मामले को सरकार गंभीरता से ले।

भाजपा ने पुलिस में दर्ज करवाई शिकायत
आशियाना शिमला में हुई अनहोनी घटना पर भाजपा ने शिमला पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। भाजपा मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा ने कहा कि 3.15 बजे रवि ठाकुर प्रैस वार्ता को संबोधित करने आशियाना रेस्तरां पहुंचे थे और प्रैस को संबोधित कर रहे थे, साथ ही रिज पर एनएसयूआई रक्तदान शिविर लगा हुआ था, जिसमें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के स्वयं आने की आशंका थी। जैसे ही रवि ठाकुर प्रैस वार्ता कर रहे थे तो एनएसयूआई के युवा नारे लगाते हुए आशियाना की दीवार फांदकर अंदर आ गए, जबकि उन्हें रोकने का प्रयास भी किया। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि उस दौरान जो भी इस मामले में शामिल थे उन पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News