Mandi: जोगिंद्रनगर में केंद्र सरकार पर बरसे सांसद अनुराग शर्मा, कहा-राज्यसभा में मजबूती से उठाऊंगा हिमाचल के मुद्दे
punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 04:42 PM (IST)
जोगिंद्रनगर (विनोद/अमिता): नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा मंगलवार को जोगिंद्रनगर पहुंचे। इस मौके पर कांग्रेस नेता जीवन ठाकुर की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने अनुराग शर्मा का फूलमालाएं पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान अनुराग शर्मा ने कहा कि जोगिंद्रनगर उनके लिए केवल एक राजनीतिक क्षेत्र नहीं, बल्कि उनकी कर्मभूमि और दूसरा घर है। जोगिंद्रनगर पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वह उच्च सदन में हिमाचल के हितों की आवाज को पुरजोर तरीके से उठाएंगे।
आम कार्यकर्ता को मौका सिर्फ कांग्रेस में संभव
अपने अभिनंदन समारोह में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अनुराग शर्मा ने कहा कि एक साधारण कार्यकर्ता का राज्यसभा जैसे सर्वोच्च सदन तक पहुंचना केवल कांग्रेस पार्टी में ही संभव है। उन्होंने इस अवसर के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जिस भरोसे के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे।
हर कार्यकर्ता और जनता हैं इस सम्मान के भागीदार
सांसद ने कहा कि यह केवल उनकी उपलब्धि नहीं है, बल्कि उनके साथ जुड़े सभी कार्यकर्ता और जनता इस सम्मान के भागीदार हैं। उन्होंने कहा कि कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के 15 विधानसभा क्षेत्रों के साथ अब जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र भी उनसे सीधे जुड़ गया है। वह यहां की जनता की सेवा के लिए दिन-रात एक कर देंगे।
केंद्र के भेदभाव को राज्यसभा में उठाएंगे
अनुराग शर्मा ने केंद्र सरकार पर प्रदेश की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि हाल ही में मनरेगा और आरजीडी जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं में केंद्र द्वारा हिमाचल के साथ जो व्यवहार किया गया है, उसे वह राज्यसभा में प्रमुखता से उठाएंगे। उनका पहला प्रयास प्रदेश के लोगों के हकों की रक्षा करना रहेगा। इस अवसर पर कांग्रेस नेता राकेश धरवाल, राकेश चौहान, रंजन शर्मा, रिटायर्ड डीएसपी ज्ञान चंद, मनु राठौर, अधिवक्ता इंद्र सिंह और पिपली पंचायत के पूर्व प्रधान इंद्र सिंह सहित भारी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here

