मंडी पहुंचे राजीव शुक्ला व कन्हैया कुमार ने भाजपा पर साधा निशाना, जानिए क्या बोले

punjabkesari.in Sunday, Oct 10, 2021 - 07:33 PM (IST)

मंडी (रजनीश): ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव व हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला और कांग्रेस के स्टार प्रचारक कन्हैया कुमार रविवार को मंडी पहुंच गए हैं। मंडी पहुंचते ही उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। मंडी में प्रैस वार्ता को संबोधित करते हुए राजीव शुक्ला ने कहा कि वर्तमान में देश में जो स्थिति है उसे देखकर जनता कह रही है कि बुरे दिन वापस लौटा दो क्योंकि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के समय के अच्छे दिन थे। भाजपा की सरकार काम कम और ढिंढोरा ज्यादा पीटती है। इसमें भाजपा सरकार की मास्टरी है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश की जनता को 40 रुपए में पैट्रोल और 30 रुपए में डीजल उपलब्ध करवाने का वायदा किया था लेकिन आज केंद्र की भाजपा सरकार के कार्यकाल में पैट्रोल 100 रुपए से पार पहुंच गया है जबकि डीजल भी आने वाले दिनों में 100 रुपए का आंकड़ा छूने वाला है। रसोई गैस का सिलैंडर 1000 रुपए के दाम पर मिल रहा है। इसके साथ खाद्य पदार्थों के दामों में भी बढ़ौतरी हुई है।

मोदी सरकार का कार्य 5 रुपए का और प्रचार 50 रुपए का

उन्होंने कहा कि अपराधी और भ्रष्टाचारी को बचाने में भाजपा को महारात हासिल है। मंडी संसदीय क्षेत्र का उपचुनाव सबसे महत्वपूर्ण है। यह चुनाव देश के दिशा व दशा दिखाएगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार 5 रुपए का कार्य करती है और 50 रुपए का प्रचार करती है जबकि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन की सरकार 50 रुपए का काम करती थी और 5 रुपए का प्रचार होता था। अटल टनल के लिए सारा पैसा यूपीए सरकार ने दिया मगर श्रेय भाजपा लेने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के निर्माण में स्व. वीरभद्र सिंह का बहुत योगदान है जिसे भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि चुनावों के दौरान बयानबाजी होती रहती है। संगठन एकजुट है और जल्द ही सभी मिलकर काम करेंगे। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सहप्रभारी संजय दत्त, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर, पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह खुक्खू और कौल सिंह ठाकुर सहित अन्य नेता उपस्थित रहे।

हिमाचल से सेब दिल्ली पहुंचा पर दिल्ली से विकास हिमाचल नहीं पहुंचा

वहीं कांग्रेस के स्टार प्रचारक कन्हैया कुमार ने कहा कि देशभर के पर्यटक हिमाचल पहुंच जाते है और हिमाचल से सेब दिल्ली पहुंच जाता है पर दिल्ली से विकास हिमाचल नहीं पहुंचा है। पिछले 7 वर्षों में दिल्ली से हिमाचल विकास नहीं पहुंच पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार विज्ञापन पर चली हुई है। मोदी सरकार का विज्ञान विज्ञापन है। उन्होंने कहा कि पंप पर पैट्रोल भरवाने जब वाहन मालिक जाता है तो उसे लगता है कि उसके शरीर से तेल निकाला जा रहा है। दूसरे की पीड़ा वहीं समझ सकता है जिसने खुद पीड़ा झेली हो। जब मोदी हिमाचल में अपनी पार्टी के प्रभारी रहे हैं तो उन्हें पहाड़ की जनता के दर्द का पता होना चाहिए।

बीजेपी का मतलब ही बड़का झूठ पार्टी है

उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो अपने घोषणा पत्र में वायदे किए थे वह ही पूरे नहीं हुए, अभी तक तो कांग्रेस के काम का ही फीता भाजपा की सरकार काटने में लगी हुई है। अब समय है कि जिस तरह से रसोईघर में पक रही रोटी को समय से नहीं पलटेंगे तो जल जाती है उसी तरह चुनाव में सबक सिखा दिया जाना चाहिए। सामान्य ज्ञान की बात है कि सेना को राजनीति में नहीं लाना चाहिए, इसे राजनीति से दूर रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बीजेपी का मतलब ही बड़का झूठ पार्टी है। वह भाजपा को कभी गंभीरता से नहीं लेते क्योंकि सिर्फ झूठ बोलने के अलावा ये कुछ भी नहीं करते हैं। अब देश में लड़ाई न्याय और अन्याय के बीच है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News