राजीव बिंदल का आरोप, बोले-SPU मंडी को बंद करने की साजिश में प्रतिभा सिंह भी शामिल

punjabkesari.in Saturday, Sep 09, 2023 - 08:03 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने आरोप लगाया है कि सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी को बंद करने की साजिश में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी शामिल हैं। इसी कारण वह इस मामले पर पूरी तरह से चुप्पी साधे हुए हैं। डाॅ. राजीव बिंदल ने यहां जारी बयान में कहा कि विधानसभा चुनाव में 10 में से 9 सीटें भाजपा की झोली में डालने का खमियाजा मंडी की जनता भुगत रही है। उन्होंने कहा कि मंडी विश्वविद्यालय से 80 काॅलेजों को निकाला जाना दुर्भाग्यपूर्ण है, जो मंडी की जनता के साथ अन्याय और धोखा है। उन्होंने कहा कि मंडी का क्षेत्र दूरदराज तक फैला हुआ है, जिसका लाभ मंडी के साथ कुल्लू व लाहौल-स्पीति जिलों के लोगों को भी होता है। 

सरकार ने 9 माह के कार्यकाल में 1500 संस्थानों को बंद किया 
राजीव बिंदल ने आरोप लगाया कि मंडी विश्वविद्यालय को कांग्रेस सरकार बंद करना चाहती है, जिस कारण इससे संबद्ध काॅलेजों को निकालकर इसे खोखला किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह संसदीय क्षेत्र प्रतिभा सिंह का है और उनकी ही पार्टी की सरकार इसको बंद करने का षड्यंत्र रच रही है, ऐसे में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का इस पर चुप्पी साधना स्पष्ट करता है कि उनकी इसमें संलिप्तता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने 9 माह के कार्यकाल में 1500 संस्थानों को बंद कर दिया है, जिसमें अस्पताल, पीएचसी, सीएचसी, पटवार सर्कल और स्कूलों के अलावा अन्य संस्थान शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा इसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेगी तथा जनविरोधी निर्णयों के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी।

मोदी ने नहीं रखा भारत नाम, यह सदियों पुरानी परम्परा : बिहारी
हिमाचल प्रदेश भाजपा महामंत्री बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश का नाम भारत नहीं रखा है। उन्होंने कहा कि यह सदियों पुरानी परम्परा है, जबसे देश को भारत के नाम से जाना जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह अपने बेटे की भांति सुर्खियां बटोरने का काम कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सनातन धर्म को समाप्त करने की घोषणा करने वाले नेताओं को कांग्रेस पार्टी का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री का यह बयान देना कि वह 97 फीसदी हिंदुओं की विचारधारा को हराकर सत्ता में आए हैं, यह कांग्रेस पार्टी की हिंदू विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अब इंडिया से प्रेम हो गया है और भारत से दुश्मनी? उन्होंने कहा कि विपक्ष का घमंडिया गठबंधन यह नहीं जानता की सनातन का विरोध करने वाले खुद मिट गए, लेकिन भारत कभी नहीं मिट पाया।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News