Shimla: बारिश-बर्फबारी से ठंड की चपेट में आया किन्नौर, मलिंग नाला के समीप पत्थर गिरने से NH-505 बंद

punjabkesari.in Sunday, Sep 27, 2026 - 06:06 PM (IST)

​रिकांगपिओ (राजकुमार): हिमाचल प्रदेश के जिला किन्नौर में लगातार दूसरे दिन भी मूसलाधार बारिश जारी रहने और ऊपरी चोटियों पर बर्फबारी होने से समूचा क्षेत्र भीषण ठंड की चपेट में आ गया है। मौसम के इस रुख के कारण जिले की मुख्य सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर आवाजाही बेहद जोखिम भरी हो गई है। जगह-जगह पहाड़ियों से गिरते पत्थरों और चट्टानों से मार्ग बाधित हो रहे हैं, जिससे राहगीरों और पर्यटकों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। ​स्पीति व काजा को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 505 पर मलिंग नाला के समीप पहाड़ी से अचानक पत्थरों की बरसात होने के कारण वाहनों की आवाजाही को एहतियातन रोक दिया गया है। इसके अतिरिक्त स्पिलो से पूह तथा रिकांगपिओ से चौरा मार्ग पर भी जगह-जगह दरकती पहाड़ियों के कारण दुर्घटना का अंदेशा बना हुआ है। शनिवार को चौरा के समीप पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में एक टैक्सी आ गई, हालांकि गनीमत रही कि चालक और सवारियां बाल-बाल बच गए।

पहाड़ी से गिरते पत्थरों के बीच फंसा पर्यटक वाहन 
रविवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर श्यासो खड्ड के पास अचानक पहाड़ी से गिरते पत्थरों के बीच एक पर्यटक वाहन फंस गया। इसके चलते सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात ठप्प हो गया। इस दौरान यात्रियों ने एकजुटता दिखाते हुए एक-दूसरे की मदद की और गाड़ी को सुरक्षित निकाला। छितकुल से रानी कंडा के मध्य मुजलंग नामक स्थान पर भारी हिमस्खलन होने से सड़क मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। ​दूसरी ओर सांगला घाटी के रूपिन क्षेत्र में भी एक चरवाहे के सैंकड़ों भेड़-बकरियों सहित फंसे होने की सूचना मिली है, जिसके लिए सांगला से राहत एवं बचाव दल को रवाना कर दिया गया है।

राजस्थान के 9 श्रद्धालु किए रैस्क्यू
​शनिवार को बर्फबारी के दौरान किन्नर कैलाश यात्रा पर गए राजस्थान के 9 श्रद्धालुओं के एक गुफा में फंसने की खबर से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लेते हुए पुलिस और होमगार्ड जवानों की 10 सदस्यीय क्यूआरटी टीम को मौके के लिए रवाना किया। टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी श्रद्धालुओं को रैस्क्यू कर लिया है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News