Shimla: एचआरटीसी अब नहीं बनाएगा ग्रीन, स्मार्ट व सम्मान कार्ड, काऊंटरों पर कार्ड बनने बंद

punjabkesari.in Monday, Sep 14, 2026 - 10:37 PM (IST)

शिमला (राजेश): कई वर्षों से एचआरटीसी बसों में ग्रीन कार्ड, स्मार्ट व सम्मान कार्ड पर रियायती सफर कर रहे यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। अब एचआरटीसी ग्रीन, स्मार्ट व सम्मान कार्ड नहीं बनाएगा। शिमला पुराना बस अड्डा सहित प्रदेशभर के बस अड्डों पर ये कार्ड बनना बंद हो गए हैं। इन कार्ड के स्थान पर अब रियायती सफर के लिए यात्रियों को हिम बस प्लस कार्ड बनाना होगा। हिम बस प्लस कार्ड की रजिस्ट्रेशन प्रकिया शुरू होने के बाद यह कार्ड बनना बंद हो गए हैं। सोमवार को भी पुराना बस स्थित काऊंटर पर कई यात्री ग्रीन कार्ड बनाने पहुंचे, लेकिन काऊंटर कर्मचारी व बस अड्डा प्रभारी ने यात्रियों को बताया कि ग्रीन कार्ड की जगह पर अब हिम बस प्लस कार्ड बनेगा।

जिस पर उन्हें बसों में किराए पर छूट मिलेगी व अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी। इसके लिए यात्रियों को निगम की वैबसाइट पर जाकर ऑनलाइन ही आवेदन करना होगा। आवेदन प्रकिया पूरी करने और नए कार्ड की फीस जमा करवाने के बाद कुछ दिनों बाद इसी काऊंटर पर यह कार्ड उन्हें मिलेगा, जिसके बाद उन्हें निगम की किसी भी बस में किराए में 5 प्रतिशत छूट मिलेगी। वहीं वरिष्ठ नागरिकों को 15 प्रतिशत छूट दी जाएगी। वहीं कार्ड बनाने के लिए अन्य कई लाभ होंगे। निगम अधिकारियों का कहना है कि अब सिर्फ हिम बस प्लस कार्ड ही बनेगा। सभी कार्ड इस कार्ड में सम्मिलित होंगे।

ग्रीन कार्ड पर मिलती थी 25 प्रतिशत, सम्मान कार्ड पर 30 प्रतिशत छूट, यह छूट भी खत्म
कई वर्षों से एचआरटीसी की बसों में सफर करने के लिए ग्रीन, सम्मान व स्मार्ट कार्ड पर 25, 30 और 10 प्रतिशत की छूट किराए मेें मिलती थी। ग्रीन कार्ड पर 50 किलोमीटर मीटर सफर तक 25 प्रतिशत छूट मिलती थी। वहीं स्मार्ट कार्ड पर पूरे सफर पर 10 प्रतिशत और सम्मान कार्ड यानी सीनियर सिटिजन कार्ड पर 30 प्रतिशत ही छूट मिलती थी। लेकिन अब यह छूट नहीं मिलेगी। इन छूट में निगम प्रबंधन व सरकार ने कटौती की है। वहीं यह तीनों कार्ड मात्र 100 रुपए में एक वर्ष की वैधता के साथ बनते थे। वहीं नया हिम बस प्लस कार्ड 365 रुपए में एक वर्ष की वैधता के साथ बनेगा।                     

ऐसे समझें कैसे कितना अधिक लगेगा किराया
उदाहरण के तौर पर शिमला से उपनगर टुटू का बिना किसी डिस्काऊंट कार्ड 18 रुपए किराया लगता है। वहीं ग्रीन कार्ड की छूट पर यह किराया मात्र 14 रुपए बनता है। लेकिन अब ग्रीन कार्ड बंद होगा और सिर्फ हिम बस प्लस कार्ड पर 5 प्रतिशत की छूट मिलेगी तो यह किराया 17 रुपए बनेगा। यानी शिमला से टुटू तक मात्र 1 रुपए की छूट मिलेगी, जबकि पहले यह 4 रुपए की मिलती थी। इससे हिसाब लगाया जा सकता है कि जो यात्री रोजाना 40 से 50 किलोमीटर का सफर करते हैं उन पर कितना अधिक असर पड़ेगा।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News