Una News: पुलिस ने चिट्टे के साथ धरे पंजाब के 2 तस्कर, बाइक में छिपाकर लाए थे खेप

punjabkesari.in Sunday, Jun 14, 2026 - 03:53 PM (IST)

ऊना (विशाल): हिमाचल प्रदेश में नशे के सौदागरों के खिलाफ ऊना पुलिस का जीरो टॉलरैंस अभियान लगातार रंग ला रहा है। इसी कड़ी में पुलिस थाना मैहतपुर की टीम ने पंजाब से सटे सीमावर्ती इलाके में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 युवकों को चिट्टे की खेप के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार देर शाम मैहतपुर थाने के एएसआई नागिंदर पाल की अगुवाई में एक पुलिस टीम भटोली में शिव मंदिर के समीप नाकाबंदी कर वाहनों की चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान पंजाब नंबर की एक संदिग्ध बाइक को जांच के लिए रोका गया, जिस पर 2 युवक सवार थे। जब पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए बाइक की बारीकी से तलाशी ली, तो उसमें बड़ी चालाकी से छिपाकर रखा गया 10.29 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

पुलिस ने मादक पदार्थ मिलते ही तुरंत दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। आरोपियों की पहचान बाइक चालक राहुल कुमार निवासी नंगल टाऊनशिप व जिला रोपड़ (पंजाब) और पीछे बैठे अभिषेक निवासी दबेटा, तहसील नंगल व जिला रोपड़ (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस ने बाइक और चिट्टे को कब्जे में लेकर दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

मामले की पुष्टि करते हुए जिला पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हीरेमठ ने बताया कि पुलिस अब इस मामले की जड़ तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। आरोपियों से पूछताछ कर फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की गहन जांच की जा रही है ताकि इस नैटवर्क से जुड़े अन्य बड़े चेहरों की पहचान कर उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाया जा सके। एसपी ने आम जनता से भी सहयोग की अपील की है। उन्हाेंने कहा है कि यदि किसी भी नागरिक के पास इलाके में मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त या तस्करी से जुड़ी कोई भी जानकारी हो, तो वह तुरंत पुलिस के साथ साझा करे, सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News