Himachal: मंडी में सप्लाई होने से पहले STF ने पकड़ी चिट्टे की खेप! हमीरपुर और ऊना के युवक-युवती गिरफ्तार
punjabkesari.in Saturday, Sep 26, 2026 - 12:43 PM (IST)
स्वारघाट/बिलासपुर (बंशीधर): हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पैशल टास्क फोर्स बिलासपुर को एक बड़ी कामयाबी मिली है। टीम ने स्वारघाट के समीप गरामोड़ा में नाकाबंदी के दौरान एक कार से 12.4 ग्राम चिट्टा (हैरोइन) बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने एक युवक और एक युवती को गिरफ्तार किया है, जो नशे की इस खेप को कार के डैशबोर्ड के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे।
एसटीएफ सैंट्रल रेंज मंडी के एचपीएस अधिकारी शिव चौधरी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार एसटीएफ बिलासपुर की टीम ने एएसआई आशु के नेतृत्व में स्वारघाट के गरामोड़ा स्थित ग्रीन टोल टैक्स के पास रूटीन नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक कार (HP 55D-5008) को चैकिंग के लिए रोका गया। कार में एक युवक और एक युवती सवार थे। टीम को उनके हाव-भाव देखकर शक हुआ। जब टीम ने वाहन की गहनता से तलाशी ली तो कार के डैशबोर्ड के नीचे बड़ी चालाकी से छिपाकर रखा गया 12.4 ग्राम चिट्टा बरामद हो गया।
चिट्टा बरामद होते ही एसटीएफ टीम ने कार में सवार दोनों आरोपियों को तुरंत हिरासत में ले लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अमनदीप (32) निवासी गांव क्वांत, डाकघर झल्लान, तहसील नादौन (जिला हमीरपुर) और कंचन जसवाल (33) निवासी रक्कड़ कालोनी, डाकघर व जिला ऊना के रूप में की गई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना स्वारघाट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उक्त दोनों युवक-युवती नशे की इस खेप को मंडी जिला में सप्लाई करने जा रहे थे, लेकिन अपनी मंजिल तक पहुंचने से पहले ही वे एसटीएफ के हत्थे चढ़ गए।
फिलहाल, एसटीएफ दोनों आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे चिट्टे की यह खेप किस सप्लायर से लाए थे और इसके पीछे जुड़े नशा माफिया के अन्य तार कहां तक फैले हैं।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

