Shimla: पुलिस ने पंजाब के फिरोजपुर से दबोचा चिट्टा सप्लाई का मुख्य सरगना, वर्चुअल नंबर से चला रहा था नैटवर्क

punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 09:07 PM (IST)

रोहड़ू (बशनाट): नशा माफिया के खिलाफ छेड़े गए व्यापक अभियान में शिमला पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय हैरोइन (चिट्टा) तस्करी नैटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए इसके मुख्य सरगना को पंजाब के फिरोजपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वर्चुअल नंबरों के जरिए इस पूरे सिंडिकेट को ऑप्रेट कर रहा था। इस मामले में पुलिस अब तक कुल 7 आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा चुकी है।

रोहड़ू से शुरू हुई थी जांच की कड़ी
पुलिस की यह कार्रवाई 2 फरवरी 2026 को दर्ज मुकद्दमा नंबर 5/26 के तहत अमल में लाई गई। शुरुआत में रोहड़ू के मेहंदली पुल के पास पुलिस ने पंजाब के दो युवकों जशनदीप सिंह और धर्मप्रीत सिंह कोट को 83 ग्राम चिट्टा के साथ रंगे हाथों पकड़ा था। इसी गिरफ्तारी ने पुलिस को इस बड़े नैटवर्क तक पहुंचने का रास्ता दिया।

सप्लाई चेन तोड़ते हुए मेजर डिस्ट्रीब्यूटर तक पहुंची पुलिस
प्रारंभिक पूछताछ के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सप्लाई चेन में शामिल स्थानीय तस्करों पर शिकंजा कसा। पुलिस ने चिड़गांव क्षेत्र के 4 और आरोपियों आशीष चौहान, नवीन शिट्टा, दीवान चंद और विजेंद्र सिंह उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में विजेंद्र सिंह उर्फ छोटू को इस नैटवर्क का मेजर डिस्ट्रीब्यूटर बताया गया है।

बैंक खातों ने खोले राज, लाखों का लेन-देन उजागर
जांच को तकनीकी दिशा में बढ़ाते हुए पुलिस ने आरोपी जशनदीप के बैंक खातों को खंगाला। विश्लेषण में पाया गया कि पिछले 4 महीनों में उसके खाते से करीब 18 लाख रुपए का लेन-देन हुआ था। इसके अलावा, व्हाट्सएप चैट और तकनीकी सर्विलांस से खुलासा हुआ कि मुख्य सरगना अपनी पहचान छुपाने के लिए वर्चुअल नंबरों का इस्तेमाल कर रहा था।

फिरोजपुर पुलिस की मदद से दबोचा गया मास्टरमाइंड
बैंक ट्रांजैक्शन और डिजिटल साक्ष्यों की कड़ी जोड़ते हुए शिमला पुलिस की टीम पंजाब के फिरोजपुर पहुंची। वहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से मुख्य सप्लायर हरदीप सिंह पुत्र सुरजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि हरदीप के बैंक खाते में पिछले 7 महीनों में लगभग 28 लाख रुपये का संदिग्ध लेन-देन हुआ है, जिसमें जशनदीप समेत अन्य आरोपियों की संलिप्तता पाई गई है।

2026 में अब तक 111 तस्कर गिरफ्तार
शिमला पुलिस ने नशा तस्करों को सख्त संदेश दिया है। पुलिस आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 56 मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें 111 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के सौदागरों के खिलाफ यह अभियान भविष्य में और भी सख्ती से जारी रहेगा।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News