हिमाचल में नशा सप्लाई नैटवर्क का भंडाफोड़...पर्स से निकला लाखों का चिट्टा, महिला तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, Apr 08, 2026 - 04:35 PM (IST)

शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में सदर थाना पुलिस और स्पैशल सैल की संयुक्त टीम ने कोडी बस्ती (डाऊनडेल) इलाके में एक महिला को 40 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में बरामद किए गए चिट्टे की कीमत लाखों रुपए आंकी जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी महिला की पहचान 40 वर्षीय रेखा पत्नी स्वर्गीय बबलू उर्फ कालू के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मौलीजागरां, मनीमाजरा (चंडीगढ़) की रहने वाली है और वर्तमान में शिमला के डाऊनडेल इलाके में रहकर इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रही थी।

ऐसे पुलिस के हत्थे चढ़ी आरोपी महिला
जानकारी के अनुसार स्पैशल सैल की टीम सदर थाना क्षेत्र में गश्त पर थी, तभी उसे गुप्त सूचना मिली कि डाऊनडेल की कोडी बस्ती में एक महिला नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रही है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में महिला पुलिस कर्मियों द्वारा जब संदिग्ध महिला के पर्स की तलाशी ली गई, तो उसमें से 40 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाल रही पुलिस : एसएसपी
शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने नशीले पदार्थ को जब्त कर लिया है। आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और शहर में किन लोगों को इसकी सप्लाई होनी थी। इसके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाले जा रहे हैं ताकि इस नैटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों को बेनकाब किया जा सके। एसएसपी ने आम जनता से अपील की है कि वे नशे से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News