शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कुल्लू के 2 युवक चिट्टे के साथ गिरफ्तार
punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 04:09 PM (IST)
शिमला: नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ छेड़े गए अभियान में शिमला पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने टूटीकंडी क्रॉसिंग के पास घेराबंदी कर कुल्लू जिले के 2 युवकों को चिट्टे की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान ऋषि ठाकुर (20) और गौरव ठाकुर उर्फ गोलू (19) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार स्पैशल सैल शिमला की टीम पुराना बस स्टैंड लक्कड़ बाजार और न्यू बस अड्डा जैसे क्षेत्रों में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि कुल्लू के रहने वाले 2 युवक चंडीगढ़ से नशे की खेप लेकर रामपुर की ओर जा रहे हैं और इस समय टूटीकंडी क्रॉसिंग स्थित रेन शैल्टर में वाहन का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। रेन शैल्टर में मौजूद दोनों युवकों की जब स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में तलाशी ली गई तो ऋषि ठाकुर के बैग से 6 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना बालूगंज में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया है।

