Kangra: किराए के कमरे में संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत, पुलिस ने की जांच

punjabkesari.in Sunday, Aug 02, 2026 - 09:31 PM (IST)

पालमपुर (भृगु): पंचरुखी थाना के अंतर्गत एक निजी उच्च शैक्षणिक संस्थान के मुखिया के किराए के कमरे में संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस जांच में फिलहाल किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या कथित सैक्स रैकेट की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार थाना पंचरुखी को 1 अगस्त की शाम 112 हैल्पलाइन के माध्यम से शिकायत प्राप्त हुई थी।

सूचना मिलने पर एएसआई सुरेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। शिकायतकर्त्ता ने पुलिस को बताया कि वह शाम करीब 7:15 बजे अपने मित्र के घर आया था और उसने अपनी कार सड़क किनारे खड़ी की थी। इसी दौरान उक्त संस्थान के मुखिया की कार उसकी गाड़ी से टकरा गई, जिससे उसकी कार का इंडिकेटर क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और धक्का-मुक्की भी हुई।

शिकायतकर्त्ता ने पुलिस को बताया कि उसे कोई चोट नहीं आई है और वह किसी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहता। इसी दौरान मौके पर मौजूद कुछ महिलाओं ने पुलिस को बताया कि संबंधित व्यक्ति गांव में किराए के कमरे में रहता है, वहां संदिग्ध गतिविधियां होने की आशंका है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने ग्राम पंचायत प्रधान और मकान मालिक की मौजूदगी में कमरे का ताला खुलवाकर जांच की। कमरे में उक्त व्यक्ति की पत्नी मौजूद मिली।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान मौके से किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि के प्रमाण नहीं मिले हैं। मामले को लेकर दोनों पक्षों से पूछताछ जारी है और आवश्यकता पड़ने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस संबंध में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। डीएसपी सुनील राणा ने बताया कि मामला सामने आया है और पुलिस इसकी जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News