Kangra: नि:स्वार्थ सेवा भाव ही जीवन का मर्म, सेवा छोटी या बड़ी नहीं होती : अनुराग ठाकुर
punjabkesari.in Sunday, Sep 27, 2026 - 07:36 PM (IST)
पालमपुर (भृगु): नि:स्वार्थ सेवा भाव ही जीवन का मर्म है और प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में किसी न किसी रूप में सेवा कार्य अवश्य करना चाहिए। सेवा के लिए धन की आवश्यकता नहीं होती, बल्कि इसके पीछे समर्पण और भाव होना जरूरी है। यह बात सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने रविवार को पालमपुर में धौलाधार सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट के स्थापना दिवस समारोह में बतौर मुख्यातिथि कही। अनुराग ठाकुर ने कहा कि पूर्व मंत्री रविंद्र सिंह रवि के मार्गदर्शन में धौलाधार सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट पिछले कई वर्षों से सेवा के इसी ध्येय को लेकर कार्य कर रहा है। संस्था समाज, सेवा और समर्पण के सूत्र को धरातल पर साकार करने का कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण सहित विभिन्न सामाजिक सरोकारों से जुड़कर ट्रस्ट द्वारा प्रदान की जा रही सेवाएं समाज के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि समाज सेवा के छोटे-छोटे कार्य भी किसी व्यक्ति के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकते हैं। सेवा छोटी या बड़ी नहीं होती, महत्वपूर्ण यह है कि व्यक्ति अपनी क्षमता और सामर्थ्य के अनुसार समाज के लिए कुछ करे।
उन्होंने कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है और इसी भावना को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। अनुराग सिंह ठाकुर ने धौलाधार सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट को आगामी फायर सीजन से पहले पूरे कांगड़ा जनपद में पाइन नीडल एकत्र करने की पहल शुरू करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इस अभियान में स्थानीय लोगों, पंचायतों और स्कूली बच्चों को जोड़ा जा सकता है। वन क्षेत्रों से एकत्रित पाइन नीडल को उठाने की व्यवस्था वह स्वयं करवाएंगे। मुख्यातिथि अनुराग सिंह ठाकुर ने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान के लिए डॉ. शिव कुमार को सम्मानित किया। उनकी ओर से उनके सुपुत्र राघव शर्मा ने सम्मान प्राप्त किया। इसके अलावा रोटरी आई हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. सुधीर सल्होत्रा, नवनीत शर्मा, गोपाल सूद, परविंदर भाटिया, रक्षा राणा, सूबेदार मेजर बलवंत सिंह और रोबिन सिंह सहित अन्य लोगों को भी सम्मानित किया गया।
समाज को मजबूत करने के संकल्प से कार्य कर रहा ट्रस्ट : रविंद्र
संस्था के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व मंत्री रविंद्र सिंह रवि ने कहा कि अनुराग सिंह ठाकुर के प्रयासों से धर्मशाला में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की स्थापना संभव हुई, जिसका सीधा लाभ कांगड़ा जनपद के साथ पूरे हिमाचल के पर्यटन को मिला है। जब भी स्टेडियम में बड़े अंतर्राष्ट्रीय या राष्ट्रीय मैच होते हैं तो दूसरे प्रदेशों से बड़ी संख्या में लोग कांगड़ा पहुंचते हैं, जिससे स्थानीय कारोबारियों और आम लोगों को भी लाभ मिलता है। रवि ने कहा कि क्रिकेट स्टेडियम कहीं और भी बनाया जा सकता था, लेकिन अनुराग ठाकुर ने कांगड़ा को प्राथमिकता दी। इसी भावना के साथ ट्रस्ट भविष्य में भी अपने सेवा कार्यों को आगे बढ़ाता रहेगा।
ये रहे उपस्थित
समारोह में पूर्व विधायक रविंद्र रवि धीमान, तेजवंत नेगी, संजय चौधरी, जिया लाल, प्रदेश भाजपा वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर, प्रदेश प्रवक्ता विनय शर्मा, धौलाधार सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष ओमप्रकाश खरवाल, पूर्व अध्यक्ष शांति स्वरूप शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजकुमार चौधरी, उपाध्यक्ष जगदीश राणा, महासचिव डॉ. संदीप मिश्रा, संयुक्त सचिव राजीव शर्मा व सुधीर भाटिया, वित्त सचिव सुरेश राणा, प्रैस सचिव वाईआर बक्शी, सलाहकार मंडल के सदस्य जगमल कटोच, एसके मेहता, सचिन वर्मा, सुरेश चौधरी, सुरेंद्र कुमार सूद, जेसी राणा, राघव शर्मा, कर्नल रंजीत, करण जमवाल, धीरज कटोच सहित कई गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

