आनी व कुमारसैन में अफीम की खेती का पर्दाफाश, 4 के खिलाफ मामला दर्ज

punjabkesari.in Saturday, May 23, 2020 - 06:46 PM (IST)

आनी/कुमारसैन (ब्यूरो): अफीम यानी पोस्त की अवैध खेती करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा अभियान जारी रखा है। इसी कड़ी में पुलिस ने आनी विधानसभा क्षेत्र व कुमारसैन पुलिस थाना के अंतर्गत अफीम की अवैध खेती का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 12375 अफीम के पौधे बरामद कर 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार आनी पुलिस ने बुछैर पंचायत के रुमाली गांव में दबिश देते हुए 12000 से ज्यादा अफीम के पौधे नष्ट किए और 3 लोगों पर मामले दर्ज किए हैं। एसपी कुल्लू गौरव सिंह ने जानकारी दी है कि डीएसपी आनी अनिल कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम ने बुछैर पंचायत के रुमाली गांव के खूब राम पुत्र आलम चंद द्वारा निजी भूमि पर अवैध रूप से उगाए गए अफीम के 4370 पौधे बरामद कर उन्हें नष्ट किया।

मिलकियत भूमि पर उगा रखे थे अफीम के 2240 पौधे

दूसरे मामले में इसी गांव के रूप राम पुत्र उत्तम राम ने अपनी मिलकियत भूमि पर अफीम के 2240 पौधे पाए गए जबकि रुमाली गांव के ही शादी लाल पुत्र राम सिंह ने सेब के पौधों के बीच अफीम की खेती उगा रखी थी, जहां से 5560 अफीम के पौधे बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस टीम ने जलाकर नष्ट कर दिया जबकि कुछ पौधे सैंपल के तौर पर सीज कर लिए हैं। डीएसपी आनी अनिल कुमार ने कहा कि वह आनी विधानसभा क्षेत्र में किसी भी प्रकार के नशे को पनपने नहीं देंगे।

मधावनी के गुंडा में अफीम के 205 पौधे पकड़े

उधर, पुलिस थाना कुमारसैन के अंतर्गत मधावनी पंचायत के गुंडा गांव में पुलिस टीम ने सेब के बगीचे में उगाए अफीम के 205 पौधे बरामद किए व अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज किया। जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मधावनी के गुंडा गांव में अफीम की खेती की जा रही है, जिस पर पुलिस टीम शुक्रवार को एएसआई नूप राम की अध्यक्षता में मधावनी के गुंडा गांव में वार्ड सदस्य सीमा भैक के साथ मौके पर पहुंची, जहां पर एक खेत में सेब के पौधों के बीच अफीम के  205 पौधे पाए गए। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ  मामला दर्ज किया गया है व मामले की पूरी तहकीकात की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News