Solan: 4 क्विंटल अफीम डोडे की खेप के साथ आरोपी गिरफ्तार
punjabkesari.in Sunday, Jul 26, 2026 - 10:30 PM (IST)
बीबीएन (शेर सिंह): बद्दी पुलिस द्वारा अवैध नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लगातार तीसरे दिन एक और बड़ी कार्रवाई की गई है। एसपी बद्दी विनोद धीमान के निर्देशानुसार चलाए गए अभियान के तहत पुलिस थाना नालागढ़ की टीम ने कार्रवाई करते हुए वार्ड नंबर-9 नालागढ़ सरकारी स्कूल के समीप एक महिंद्रा फोर व्हीलर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 20 प्लास्टिक बोरों में भरे 399.500 किलोग्राम अफीम डोडे बरामद किए गए। एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने बताया कि बरामद मादक पदार्थ को नियमानुसार कब्जे में लेकर आरोपी राकेश कुमार पुत्र लक्ष्मी चंद निवासी गांव मनलोग खुर्द, डाकघर चमदार, तहसील रामशहर, जिला सोलन हिमाचल प्रदेश के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्जकर उसे गिरफ्तार किया गया है तथा मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।
उन्होंने बताया कि इससे पूर्व 24 जुलाई को स्पैशल सैल द्वारा 58.212 किलोग्राम चूरा-पोस्त तथा 25 जुलाई को 4.048 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था। इसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए यह कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा अवैध नशा कारोबार के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति अथवा गिरोह को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे तत्वों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

