सोलन में Scrub Typhus की दस्तक, 4 मामले सामने आने पर स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

punjabkesari.in Wednesday, Jul 22, 2026 - 06:16 PM (IST)

सोलन (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में मानसून की बारिश जहां लोगों के लिए राहत लेकर आई है, वहीं इसके साथ कई मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। सोलन जिले में जानलेवा बीमारी स्क्रब टाइफस ने दस्तक दे दी है। इसके मामले सामने आते ही जिला स्वास्थ्य विभाग हाई अलर्ट पर आ गया है और लोगों के बचाव के लिए एक विस्तृत एडवाइजरी जारी की गई है।

नालागढ़ और सोलन से आए मामले
जिला स्वास्थ्य अधिकारी सोलन डॉ. अमित रंजन तलवार ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि जुलाई माह में अब तक जिले में स्क्रब टाइफस के 4 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 2 मरीज नालागढ़ और 2 सोलन क्षेत्र से संबंधित हैं। सोलन के एक मरीज का इलाज एम्स बिलासपुर में चल रहा है। हालांकि, राहत की बात यह है कि सभी मरीजों की स्थिति अब खतरे से बाहर है और उनकी हालत में लगातार सुधार हो रहा है।

डॉक्टरों को सख्त निर्देश, रिपोर्ट का इंतजार न करें
स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। डॉक्टरों को स्पष्ट हिदायत दी गई है कि यदि किसी मरीज में स्क्रब टाइफस के लक्षण दिखाई देते हैं तो लैब रिपोर्ट आने का इंतजार न करें। शुरूआती अवस्था में ही डॉक्सीसाइक्लिन या एजीथ्रोमाइसिन जैसी दवाओं से तत्काल उपचार शुरू कर दिया जाए, ताकि बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।

क्या है स्क्रब टाइफस और इसके लक्षण?
स्क्रब टाइफस एक गंभीर बैक्टीरियल संक्रमण है, जो झाड़ियों और घास में पनपने वाले 'माइट' (चिगर/पिस्सू) के काटने से इंसानों में फैलता है। इस बीमारी के लक्षण काफी हद तक डेंगू और मलेरिया से मिलते-जुलते हैं। मरीज को अचानक तेज बुखार, भयंकर सिरदर्द और पूरे शरीर में दर्द की शिकायत होती है। यदि समय रहते इसका इलाज न करवाया जाए, तो संक्रमण गंभीर रूप ले सकता है और शरीर के कई प्रमुख अंगों (मल्टी-ऑर्गन फेलियर) को भारी नुक्सान पहुंचा सकता है।

स्क्रब टाइफस से बचाव के तरीके
इस बीमारी से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों, विशेषकर किसानों और बागवानों से सावधानियां बरतने की अपील की है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार खेतों, बगीचों या घास वाले क्षेत्रों में काम करते समय हमेशा शरीर को पूरी तरह ढकने वाले (पूरी बाजू के) कपड़े और जूते पहनें। खेतों या बाहर से काम करके घर लौटने पर तुरंत गर्म पानी और साबुन से अच्छी तरह स्नान करें। तेज बुखार, सिरदर्द या शरीर पर किसी कीड़े के काटने का निशान दिखने पर घरेलू नुस्खे न अपनाएं, तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर जांच करवाएं।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News