Watch Video: शिमला में मनाना चाहते हैं क्रिसमस-न्यू ईयर, तो पहले पढ़ें यह खबर

punjabkesari.in Saturday, Dec 03, 2016 - 09:50 AM (IST)

शिमला (विकास शर्मा) : अगर आप हिल क्वीन शिमला में क्रिसमस और न्यू ईयर सेलिब्रेट करने की प्लानिंग कर रहे हैं तो यह खबर आपके लिए हैं। शिमला में दिसंबर महीने के आखिर तक ग्रीन टैक्स वसूला जा सकता है। हिमाचल की गाड़ियों को छोड़कर बाकी सभी वाहनों से ये ग्रीन टैक्स लिया जाएगा। काफी मशक्कत के बाद नगर निगम शिमला इसी महीने से इस टैक्स को लागू करने की पूरी तैयारी कर चुका है।

किन्हें देना होगा टैक्स 
यह टैक्स उन्हीं लोगों से वसूला किया जाएगा जिनकी गाड़ियां हिमाचल प्रदेश से बाहर अन्य राज्यों में पंजीकृत होगी। उनके शिमला में प्रवेश करते ही शिमला नगर निगम उनसे यह टैक्स लेगा।

कितना टैक्स देना होगा
दोपहिया वाहनों के लिए ग्रीन टैक्स 50 रुपए तय किया गया है जबकि छोटी कारों के लिए 200 रुपए टैक्स देना होगा। एसयूवी वाहनों से 300 रुपए और ट्रक-बस से 500 रुपए ग्रीन टैक्स वसूल किया जाएगा। यह ग्रीन टैक्स, एप के जरिए चुकाया जा सकेगा। ग्रीन टैक्स न चुकाने पर 5000 रुपए तक जुर्माना वसूला जाएगा।

क्यों लगाया जा रहा है टैक्स
नगर निगम का दावा है कि शिमला को प्रदूषण से नुकसान पहुंच रहा है। प्रदूषण का सबसे बड़ा कारण वाहनों से निकलने वाला धुआं है। निगम का कहना है कि ग्रीन टैक्स के जरिए जो भी पैसा इक्टठा होगा उसे राजधानी में सैलानियों के लिए बुनियादी सुविधाएं जुटाने और पर्यावरण संरक्षण में खर्च किया जाएगा।

कितना टैक्स इक्टठा होगा 
शिमला के उप महापौर टिकेंद्र पंवर का कहना है कि ग्रीन टैक्स नगर निगम की आय का दूसरा सबसे बड़ा स्रोत बनेगा। निगम को उम्मीद है कि इससे सालाना करीब 9 करोड़ की कमाई होगी। प्रॉपर्टी टैक्स से सबसे बड़ा आय का जरिया है। शिमला नगर निगम हर साल प्रॉपर्टी टैक्स से 12-14 करोड़ रुपए कमाता है।

शिमला पर कितना बोझ
शिमला में 80,000 गाड़ियां पंजीकृत हैं जबकि पार्किंग के लिए सिर्फ 1000 गाड़ियों को ही जगह है। जब पर्यटन का सीजन चरम पर होता है तो हर रोज करीब 5000 गाड़ियां बाहर से आती हैं। शिमला की आबादी करीब 2 लाख है लेकिन हर साल करीब 40 लाख पर्यटक शिमला घूमने आते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News