Himachal: कॉलेज छात्रा की हत्या मामले पर राष्ट्रीय महिला आयोग सख्त, DGP से 7 दिनों में मांगी रिपोर्ट
punjabkesari.in Friday, Apr 17, 2026 - 11:05 PM (IST)
गोपालपुर (सरकाघाट): मंडी जिला के उपमंडल सरकाघाट के अंतर्गत आते नैण गांव में हुई 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा सिया गुलेरिया की नृशंस हत्या के मामले पर संज्ञान लेते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने कड़ा रुख अपनाया है। आयोग ने इस मामले में सुओ मोटो (स्वत: संज्ञान) लेते हुए हिमाचल प्रदेश पुलिस से जवाब तलब किया है। राष्ट्रीय महिला आयोग ने इस घटना को अत्यंत निंदनीय और विचलित करने वाला बताया है। आयोग ने याद दिलाया कि हाल ही में हिमाचल प्रदेश में कैंपस सुरक्षा को लेकर एक परामर्श बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें प्रशासन ने पुख्ता सुरक्षा का आश्वासन दिया था, लेकिन ऐसे आश्वासनों के बावजूद इस तरह की वारदात होना बेहद चिंताजनक है। राष्ट्रीय महिला आयोग ने हिमाचल पुलिस से इस मामले में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट 7 दिनों के भीतर सौंपने को कहा है। सोशल मीडिया के माध्यम से भी पुलिस को इस मामले में त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीजीपी को पत्र लिखकर दिए ये निर्देश
महिला आयोग की अध्यक्ष ने हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को पत्र लिखकर निम्नलिखित निर्देश दिए हैं कि मामले में बिना किसी देरी के प्राथमिकी दर्ज की जाए, सभी आरोपियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए, निष्पक्ष और समय सीमा के भीतर जांच पूरी कर फाेरैंसिक साक्ष्य जुटाए जाएं व पीड़िता के परिवार को उचित सुरक्षा प्रदान की जाए।

